किसान के घर की रसोई में घुसा पेंगोलिन, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 3 करोड़ रुपए से ज्यादा है,
byKhabarAbhiTak-
0
बालाघाट। एमपी के बालाघाट स्थित नयाटोला में रहने वाले किसान खोमेंद्र बिसेन के घर के उस वक्त अफरातफरी मच गई। जब परिवार के सदस्यों ने रसोई घर में दुलर्भ वन्य प्राणी पेंगोलिन को देखा। खबर मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और पेंगोलिन को सुरक्षित निकालकर जंगल में छोड़ दिया। इसके बाद किसान के परिवार ने राहत की सांस ली।
बताया गया है कि नयाटोला निवासी किसान खोमेंद्र बिसेन के घर की रसोई में पेंगोलिन को इधर से उधर घूमते देख परिजन घबरा गए। खबर मिलते ही आसपास के लोग भी पहुंच गए, जिन्होने पेंगोलिन के आने की सूचना वन विभाग को दी। वन अमला तत्काल मौके पर पहुंचा। वनकर्मियों ने दुर्लभ पेंगोलिन का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे वारासिवनी परिक्षेत्र कार्यालय ले आए। अधिकारियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड के कारण वन्यप्राणी जंगलों से निकलकर रिहायशी इलाकों में आ रहे हैं। पेंगोलिन पूरी तरह स्वस्थ है। यह संरक्षित वन्यप्राणी की सूची में शेड्यूल-1 में शामिल है। चिकित्सीय परीक्षण के बाद उसे स्वतंत्र विचरण के लिए जंगल में छोड़ दिया जाएगा। गौरतलब है कि पेंगोलिन बहुत ही सीधा जीव है, जो किसी को नुकसान नहीं पहुंचाता है। यह पेंगोलिन के रेस्क्यू का पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी पेंगोलिन से जुड़े कई मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें शिकार और तस्करी के अपराध प्रमुख हैं। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इस दुर्लभ वन्यप्राणी की कीमत करोड़ों में बताई जाती है। इसकी शल्क का उपयोग दवाओं और फैशन सामग्री में किया जाता है। अंधविश्वास और पैसों के लालच में कुछ लोग इन अद्भुत प्राणियों को नुकसान पहुंचाते हैं।