khabar abhi tak

दिल्ली : 2 सीआरपीएफ के स्कूलों और 2 कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, जैश-ए-मोहम्मद के नाम से आया ईमेल

नई दिल्ली. दिल्ली में आज मंगलवार को सुरक्षा एजेंसियों में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दो सीआरपीएफ स्कूलों और दो जिला अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई, जिसमें आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का नाम होने की बात सामने आई है। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने मोर्चा संभाला, हालांकि जांच में कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

जानकारी के मुताबिक, यह धमकी भरे ईमेल मंगलवार को द्वारका स्थित सीआरपीएफ पब्लिक स्कूल और प्रशांत विहार स्थित सीआरपीएफ स्कूल को भेजे गए। इसी ईमेल में साकेत कोर्ट और रोहिणी कोर्ट परिसर को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, अधिकारियों, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीमें तुरंत सभी चारों लोकेशनों पर पहुंचीं। एहतियात के तौर पर स्कूलों को खाली कराया गया और पूरे परिसर की सघन तलाशी ली गई। पुलिस ने बताया कि दोनों स्कूलों की विस्तृत जांच के दौरान किसी भी तरह की विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

इधर, साकेत कोर्ट और रोहिणी कोर्ट परिसर में भी धमकी की सूचना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस ने चेकिंग और एरिया डोमिनेशन बढ़ाते हुए दोनों स्थानों की सघन तलाशी ली, लेकिन वहां भी कोई संदिग्ध सामग्री नहीं पाई गई।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, धमकी भरा ईमेल आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के नाम से भेजा गया है। इस सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फिलहाल सभी लोकेशनों को सुरक्षित घोषित कर दिया गया है। साइबर सेल मामले की जांच कर रही है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह धमकी असली थी या कोई शरारत।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak