जबलपुर. संस्कारधानी जबलपुर के वीआईपी रोड में शामिल रेलवे के पुल नंबर 1 के चौड़ीकरण कार्य की तैयारी में रेलवे को यहां पर सड़क यातायात बंद करना है, जिसके लिये कम से कम 45 दिनों तक सड़क बंद करना होगा. जो संभव नहीं हो पा रहा, जिसे देखते हुए पमरे प्रशासन दूसरे विकल्प पर विचार कर रहा है, जिसमें यहां पर फ्लाई ओवर बनाया जा सकता है.
विदित हो कि पश्चिम मध्य रेल प्रशासन ने जबलपुर स्टेशन पर लगातार बढ़ते यातायात के दबाव से निपटने के लिये भविष्य की कार्ययोजना पर काम कर रहा है. इसी क्रम में उसने रेलवे के पुल नंबर 1 को चौड़ा करने का प्लान बनाया है, ताकि इसके ऊपर अतिरिक्त नई लाइन और बिछा सके. इस कार्य में सड़क यातायात को कम से कम 45 दिनों तक बंद करना पड़ेगा, जिसके लिये उसने जिला प्रशासन को एक पत्र लिखकर इसकी अनुमति भी जुलाई माह में पत्र लिखकर मांगी थी.
सूत्रों के मुताबिक रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग ने जो कार्ययोजना बनाई है, उसके मुताबिक पुल नंबर 1 पर इंदिरा मार्केट की ओर वर्तमान पुल से सटाकर कम से कम 3 नई रेल लाइन बिछाने लायक जगह है और इसी जगह चौड़ीकरण भी हो सकता है. दूसरी तरफ पुल के चौड़ीकरण के लिए काफी व्यवहारिक कठिनाइयां हैं.
आ रही व्यवहारिक परेशानियां
बताया जाता है कि रेलवे को जिला प्रशासन की ओर से जल्द अनुमति मिलने की संभावना काफी काम है, इसका कारण यह मार्ग काफी व्यस्तत और वीआईपी मार्ग है. दिन भर यहां पर भारी भीड़़ बनी रहती है. साथ ही सिविल लाइन की ओर से हाईकोर्ट या कांचघर की ओर आने-जाने के लिए निकटतम कोई वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं है. पुल नंबर से या फिर सदर होकर लोगों को आना जाना करना पड़ेगा. फिलहाल पुल नंबर दो ही सबसे निकटतम मार्ग है, किंतु वहां पर भी पुल नंबर दो के चौड़ीकरण का कार्य पिछले 2 साल से रेलवे की ओर से अटका पड़ा है.
फ्लाई ओवर बनाकर हो सकता है समाधान
रेल सूत्रों के मुताबिक इस समस्या का समाधान पुल नंबर 1 के ऊपर फ्लाई ओवर बनाकर किया जा सकता है. इस बात पर भी उच्च स्तर पर चर्चाएं चल रही है. यह फ्लाई ओवर रेलवे अस्पताल के मेन गेट से लेकर पुल नंबर 1 के उस पार मिलेनियम कालोनी तक तैयार हो सकता है। अभी इस पर प्रारंभिक चर्चाएं हुई है. यदि यह व्यवहारिक रूप में परिणित हुआ तो यह योजना कार्यरूप में बदल सकती है और पुल नंबर 1 का चौड़ीकरण बगैर रोड यातायात बंद किये पूर्ण हो सकता है.
