khabar abhi tak

CM से मिलने हाथ-पैरों में बेडिय़ां डालकर निकले किसान, पुलिस ने किया गिरफ्तार, बोले एक माह वेतन ने मिले तो समझ आएगा..!

रीवा। एमपी के सिमरिया में आज किसानों ने हाथ-पैरों में बेडिय़ां डाली और भोपाल जाने पैदल निकल पड़े। इस बात की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी बल सहित पहुंच गए और किसानों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के विरोध में किसानों ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि एक माह का वेतन न मिले तो समझ आ जाएगा। गौरतलब है कि किसान बीड़ा सेवा सहकारी समिति में हुए करोड़ों रुपए के धान घोटाला का विरोध कर रहे है।                       
                              किसानों ने आरोप लगाते हुए कहा कि समिति प्रबंधक व खरीदी प्रभारी ने 63 किसानों की धान खरीदी के 1 करोड़ 28 लाख रुपए का गबन किया है। एक साल से किसान अपनी मेहनत की कमाई के लिए दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला है। कलेक्ट्रेट से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक सभी से गुहार लगाने के बाद भी जब समाधान नहीं निकला तो किसानों ने भोपाल जाकर मुख्यमंत्री से फरियाद करने का निर्णय लिया। किसान भोपाल प्रस्थान के लिए निकले तो  प्रशासन ने उन्हें रोकने की कोशिश की। किसानों के न मानने पर मौके पर मौजूद पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। किसानों की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में आक्रोश और नाराजगी का माहौल है। किसान संगठनों ने प्रशासन की इस कार्रवाई को अलोकतांत्रिक बताते हुए जल्द न्याय न मिलने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। कमलेश तांडेकर जिला प्रबंधक सहकारिता ने बताया कि समिति का काफी भुगतान रुका हुआ है। जिसको लेकर वसूली की कार्यवाही की जा रही है। उस वजह से भी बाकी किसानों को समस्या है। यहां आए किसानों की अलग अलग तरह की समस्याएं हैं। इसलिए जल्द समस्याओं का समाधान किया जाएगा। किसान जुगलाल ने बताया कि हम सभी आज अपनी समस्याओं को लेकर भोपाल जाने के लिए एकत्रित हुए थे। लेकिन हमें गिरफ्तार किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak