कफ सिरप से मौतों के बाद सरकारी अमले ने चलाया जागरूकता अभियान,संघ भी आगे आए
जबलपुर। जहरीला कफ सिरप पीने से मासूम बच्चों की मौत के बाद अब सरकारी तंत्र जागा हुआ दिखाई दे रहा है। जबलपुर में जिला प्रशासनए खाद्य एवं औषधि विभाग मेडिकल स्टोर की जांच-पड़ताल में में जुटे हुए हैं एवं जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। सरकारी अमले के साथ इस काम में ड्रग एवं केमिस्ट संघ भी बराबर सहयोग कर रहा है। इसी बीच, जबलपुर केमिस्ट एसोसिएशन के सेक्रेटरी राहुल बॉबी जायसवाल ने मीडिया से कहा कि वे दवाएं बेंचते हैं, बनाते नहीं, इसलिए केमिस्ट की छवि को धूमिल न किया जाए। उन्होंने कहा कि संघ सरकार और जनता के साथ है और प्रत्येक नियम का पालन करेगा। बताया गया कि ड्रग एवं केमिस्ट संघ की पहल पर जिले के मेडिकल स्टोर पर पोस्टर चिपकाए गए हैं, जिसमें लिखा है कि 2 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए सर्दी-खांसी की दवाईयों का विक्रय नही किया जाता है। ये दवाएं केवल चिकित्सक के प्रिस्क्रिप्शन पर ही दी जाएंगी।
-प्रतिबंधित सिरप न खरीदें
गुरुवार को शहर के कई स्थानों पर पोस्टर लगाकर जनता और मेडिकल स्टोर संचालकों को जगाया गया। पोस्टर्स में लिखा था कि बिना डॉक्टर की सलाह के बच्चों के लिए कोई भी कफ सिरप ना लें। वहीं, मेडिकल स्टोर के सभी संचालकों से अपील की गयी कि प्रतिबंध सिरप को बिल्कुल भी ना बेचा जाए।
