khabar abhi tak

प्लेटफार्म से बच्चे को उठाकर भागा बदमाश, मुंह दबाकर चुप करा रहा था, शक होने पर यात्रियों ने पकड़कर किया पुलिस के हवाले

सागर। मकरोनिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब परिवार के साथ सो रहे 3 साल के बच्चे को लेकर ट्रेन में बैठ गया। बच्चा रोया तो उसका मुंह दबाकर चुप कराने लगा। यात्रियों ने संदेह होने पर बदमाश को पकड़ा और पुलिस को खबर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बच्चे को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। जीआरपी द्वारा अब आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

                           जीआरपी के अधिकारियों ने बताया कि कटनी के सलैया निवासी रवि गौंड अपनी पत्नी और 3 वर्षीय बेटे देवांशु के साथ इलाज के लिए सागर आए थे। देर रात को वे मकरोनिया रेलवे स्टेशन पर उतरे। रात होने के कारण पूरा परिवार प्लेटफॉर्म पर ही सो गया। इसी दौरान आरोपी बच्चे को उठाकर ले गया। जब रवि की नींद खुली तो बेटा गायब था। आसपास तलाशने पर भी जब वह नहीं मिला तो उन्होंने तुरंत जीआरपी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही जीआरपी ने स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए। इसी बीच कटनी-बीना मेमू ट्रेन में यात्रियों ने एक व्यक्ति को बच्चे के साथ देखा जो लगातार रो रहा था। आरोपी बच्चे को डरा-धमकाकर, मुंह दबाकर शांत कराने की कोशिश कर रहा था। यात्रियों को शक हुआ तो तत्काल उस व्यक्ति को पकड़कर जीआरपी को सूचना दी। जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर बच्चे को सुरक्षित बरामद किया। बच्चे को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया है। पुलिस को पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अशोक पिता गणेश निवासी कछिया जैतपुर गौरझामर जिला सागर बताया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ करते हुए उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। 


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak