khabar abhi tak

महिला विश्व कप : भारत-पाक मैच में टॉस पर बवाल, कैमरे में कैद हुई रेफरी की बड़ी गलती, इंडिया के पक्ष में था नतीजा

 
कोलंबो.
भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे महिला वर्ल्ड कप 2025 के हाई-वोल्टेज मुकाबले की शुरुआत एक बड़े विवाद के साथ हुई है। मैच के टॉस के दौरान मैच रेफरी से एक ऐसी बड़ी चूक हो गई, जिसके चलते टॉस का नतीजा भारत के पक्ष में होने के बावजूद इसे पाकिस्तान को दे दिया गया। इस पूरी घटना का वीडियो कैमरे में कैद हो गया है और अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दरअसल, भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सिक्का उछाला। पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टेल्स कॉल किया। लेकिन, मैच रेफरी शांद्रे फ्रिट्ज और प्रेजेंटर मेल जोंस ने गलती से कॉल को हेड्स बताया। सिक्का भी हेड्स ही गिरा। नियम के मुताबिक, घोषित कॉल हेड्स और सिक्के का नतीजा हेड्स आने पर टॉस भारत के पक्ष में जाना चाहिए था। लेकिन रेफरी ने बड़ी गलती करते हुए टॉस पाकिस्तान के पक्ष में दे दिया। इसके बाद पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना ने बिना देर किए पहले गेंदबाजी करने का फैसला कर लिया, जबकि भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर शायद शोर के कारण इस चूक पर ध्यान नहीं दे पाईं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इस तरह की गलती को एक बड़ा ब्लंडर माना जाता है। मैच रेफरी और प्रेजेंटर की यह जिम्मेदारी होती है कि वे सही कॉल को सुनें और बताएं। हालांकि भारतीय कप्तान ने इस पर कोई आपत्ति नहीं जताई, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद मैच अधिकारियों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल, इस विवाद के बीच मैच शुरू हो चुका है और भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी कर रही है। उम्मीद है कि इस मामले पर मैच के बाद विवाद और भी बढ़ सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak