शिक्षा विभाग में कहीं खुशी, कहीं गम जैसा माहौल, लंबे विवाद के बाद जारी हुई लिस्ट
जबलपुर। शिक्षा विभाग में लंबे समय से चल रहे समयमान वेतनमान के विवाद में नया मोड़ आ गया है। विभाग ने 20 अगस्त को डीपीसी होने के बाद बीते दिन लिस्ट जारी की। इसमें कुछ बाबुओं के नाम तो हैं,लेकिन कुछ के नाम अभी भी गायब हैं। जिससे कहीं खुशी, कहीं गम जैसा माहौल बना हुआ है। लिस्ट में, 30 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले 27 और 35 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले 16 बाबू शामिल हैं। कार्यालय संयुक्त संचालक लोक शिक्षण जबलपुर संभाग द्वारा जारी किए गए पत्र के अनुसार जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा वर्ष 2024 में भेजे गए प्रस्ताव और समय-समय पर भेजे गए अन्य प्रस्तावों के आधार पर विभागीय पदोन्नति समिति की अनुशंसा पर जिले में कार्यरत लिपिक संवर्ग में नियुक्त लिपिकों को सेवा में नियुक्ति दिनांक से 30 और 35 वर्ष की सेवा पूर्ण करने के उपरांत समयमान वेतनमान कुछ शर्तों के अधीन स्वीकृत किया गया है।
-शिक्षकों को भी दिया जाएगा लाभ
संयुक्त संचालक अरुण कुमार इंगले ने कहा कि बाबुओं की और लिस्टें जारी होंगी,जिनके नाम नहीं हैं,वे अभी निराश न हों। जल्द ही उच्चतर माध्यमिक स्कूलों के भी करीब 200 शिक्षकों की सूची जारी की जाएगी।
