भाजपा नगर कार्यकारिणी: 'महामंत्री' पर गहराये मतभेद, दिग्गजों की खींचतान ले डूबी


नेताओं की जिद संगठन पर हावी,सब चाह रहे अपने चहेतों की ताजपोशी,संगठन के कामकाज और निष्पक्षता पर उठ रहीं अंगुलियां

जबलपुर। भाजपा की नगर कार्यकारिणी की घोषणा ना होने से आम लोगांे में भाजपा संगठन के अनुशासन और संगठनात्मक ढांचे की मजबूती को लेकर चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं। खबर है कि जबलपुर जिले के कुछ दिग्गज कार्यकारिणी मंे महामंत्री पद पर अपने किसी चहेते की ताजपोशी चाह रहे हैं। नतीजन, जबलपुर की ग्रामीण भाजपा की कार्यकारिणी का ऐलान हो चुका है और पदाधिकारी अपना कामकाज भी शुरु हो चुका है,लेकिन जिले की नगर कार्यकारिणी की घोषणा नहीं हो पा रही है। 

-हर नेता की अपनी डिमांड

जबलपुर जिले का,विशेषकर शहर के अधिकांश विधायक और भाजपा के संगठन में गहरी पैठ रखने वाले चेहरों ने संगठन में अपने चेहरों को तवज्जो देने के लिए अभियान छेड़ रखा है। पहले संगठन की ओर से खबर आई थी कि पितर पक्ष के बाद ऐलान किया जाएगा, इसके बाद नवरात्रि के दौरान कार्यकारिणी की घोषणा की बात की गयी और अब दीपावली का त्योहार आने वाला है,लेकिन भाजपा की नगर कार्यकारिणी का दूर.दूर तक अता.पता नहीं है। 

-ताकि संगठन मुटठी में रख सकें

भाजपा के अंदरूनी सूत्रों का मानना है कि कोई भी नेता संगठन में अपनी शक्ति को कम करना नहीं चाहता। सबको बेहतर तरीके से पता है कि संगठन में अपने लोग ना होने पर  क्या-क्या दुष्परिणाम भोगने पड़ सकते हैं। जिनके ज्यादा चेहरे संगठन में काबिज होंगे,उनका रुतबा उतना बढ़ेगा। रत्नेश सोनकर को जब नगर अध्यक्ष बनाया गया था तब भी कई गुटों का नाम सामने आया था। मुम्किन है कि कार्यकारिणी के गठन के वक्त वैसा तालमेल ना बन पा रहा हो। जबलपुर शहर की जनता ने विगत सालों में बहुत अच्छे से देखा है कि जिस नेता का संगठन में दबदबा होता है,वही सिरमौर रहा है।

-अब तक किन जिलों में बनी कार्यकारिणी

 प्रदेश स्तर पर अब तक जिन जिलों में कार्यकारिणी का गठन किया जा चुका है, उनमें  जबलपुर ग्रामीण, आगर-मालवा, बड़वानी, बुरहानपुर, भोपाल ग्रामीण, बैतूल, सीधी, मंडला, देवास, सागर, हरदा, मुरैना, दतिया, छतरपुर, झाबुआ, उज्जैन शहर, उज्जैन ग्रामीण, पन्ना, शिवपुरी और डिंडोरी शामिल हैं।

-वर्जन

भोपाल स्तर से तय हो रही कार्यकारिणी

जबलपुर की नगर कार्यकारिणी का गठन प्रदेश स्तर पर किया जा रहा है। सूची को लेकर मंथन जारी है, जल्दी ही घोषणा होने की संभावना है। 

रत्नेश सोनकर, नगर अध्यक्ष, भाजपा






Post a Comment

Previous Post Next Post