नई दिल्ली. रेलवे ने अपने 14 लाख्र से अधिक कर्मचारियों को बड़ी सुविधा देने का ऐलान किया है। अब सभी रेल कर्मचारी पास व पीटीओ पर ट्रेनों में तत्काल टिकट भी बुक कर सकेगे.
रेलवे बोर्ड ने कर्मचारियों को मिलने वाले रेल पास को लेकर नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब रेल कर्मचारी अपने रेल पास व प्रीविलेज टिकट आर्डर (पीटीओ) पर भी तत्काल टिकट की बुकिंग करा सकेगे, किंतु उन्हें इसके लिए तत्काल टिकट का भुगतान करना होगा. इस संबंध में रेलवे बोर्ड के सचिव आरके वर्मा ने अधिसूचना जारी की है. इससे पहले रेलवे कर्मचारी पास पर सामान्य आरक्षित टिकट ही ले पाते थे. उन्हें इस पर शत-प्रतिशत छूट मिलती थी. साथ ही पीटीओ पर टिकट की दर पर एक तिहाई रेलवे कर्मचारियों को देना पड़ता है.
फेडरेशन के साथ बैठक में निर्णय
बताया जाता है कि पिछले दिनों एआईआरएफ व अन्य संगठन के साथ रेलवे बोर्ड की बैठक के बाद इस संबंध में निर्णय लिया गया. अभी तक रेल कर्मचारियों को तत्काल टिकट बुकिंग करने का लाभ पास-पीटीओ पर नहीं मिलता था, उन्हें भी आम लोगों की तरह ही पूरा किराया अदा कर टिकट बुक कराना पड़ता था।
रिटायर कर्मचारी भी उठा सकेंगे लाभ
इस निर्णय का लाभ कार्यरत कर्मचारियों के साथ-साथ रिटायर रेल कर्मचारियों को भी मिलेगा. इसके लिए उन्हें केवल तत्काल का जो शुल्क होगा, वह चुकाना होगा. उल्लेखनीय है कि रेल कर्मचारी व सेवानिवृत्त कर्मचारी को घूमने क लिए यात्रा, चिकित्सा व सेवानिवृत्ति क अंतर्गत यात्रा के दौरान रेलवे मुफ्त पास जारी करता है.
