जबलपुर/कटनी। घुधरा फॉल के पत्थरों के दर्रे में फंसे एक युवक को पुलिस ने जीवित बाहर निकाल लिया है। बिलहरी पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू करके तेज बहाव के बीच फंसे इस युवक को रस्सों की मदद से बाहर निकाल लिया था।
पुलिस ने बताया कि पिपरिया परौहा निवासी कलमेश कोल अपने मित्रों के साथ घुघरा फॉल में नहाने गया था। नहाते समय वह फॉल के तेज बहाव में आ गया था। पत्थरों को उसने पकड़ने की कोशिश की थी, जहां वह बहाव की वजह से पत्थरों के दर्रे में फंस गया था। बहाव की वजह से वह दर्रे से बाहर नहीं आ पा रहा था। उसने मदद के लिए चिल्लाना शुरू किया था। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर बिलहरी पुलिस की एफआरवी मौके पर पहुंच गई थी। एफआरवी ने तत्काल रस्सी का झूला बनाया और उससे नीचे उतरकर दर्रे में फंसे कमलेश को बाहर निकाला। युवक के बाहर आने पर ग्रामीणों का कहना था कि ' जाको राखे सांइयां मार सके ना कोई '... कहावत आज सच साबित हुई।
