khabar abhi tak

ASIA CUP : भारत- पाकिस्तान के बीच आज फिर रोमांचक मुकाबला, टीम इंडिया का पलड़ा भारी

दुबई. भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें एक सप्ताह के बाद आज 21 सितम्बर को फिर मैदान पर आमने-सामने होगी और ये एशिया कप का सुपर-4 मुकाबला होगा। पाकिस्तान को भारत के खिलाफ ग्रुप-ए मैच में करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था और वो बदला लेने को बेताब है। वहीं, टीम इंडिया के सामने जीत की लय कायम रखने का दबाव होगा।

बुमराह और वरुण की होगी वापसी

भारत ने ओमान के खिलाफ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को आराम दिया था। लेकिन, पाकिस्तान के खिलाफ इस अहम मुकाबले के लिए दोनों खिलाडिय़ों की अंतिम एकादश में वापसी होगी। वहीं, तेज गेंदबाज हर्षित राणा और मीडियम पेसर अर्शदीप सिंह को बाहर बैठना पड़ेगा। वैसे भी ओमान जैसी छोटी टीम के खिलाफ भी ये दोनों ही गेंदबाज मौके को भुना नहीं पाए थे।

संजू सैमसन पर असमंजस बना

भारतीय टीम प्रबंधन संजू सैमसन को लेकर असमंजस में हैं। दरअसल, संजू ने जिस तरह ओमान के खिलाफ धीमी बल्लेबाजी की है, उससे टीम प्रबंधन खुश नहीं है। मुख्य कोच गौतम गंभीर ने संजू को प्रमोट करके तीसरे स्थान पर भेजा, लेकिन वे उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। संजू ने 45 गेंदों में 124.44 की स्ट्राइक रेस से 56 रन बनाए। वहीं, अन्य भारतीय बल्लेबाजों ने 75 गेंदों में 158.77 की औसत से 119 रन ठोके। सवाल उठ रहा है कि क्या पाकिस्तान की मजबूत गेंदबाजी के आगे संजू पांचवें नंबर पर तेज बल्लेबाजी कर सकते हैं। ऐसे में टीम प्रबंधन जितेश शर्मा को मौका देने पर भी विचार कर रहा है, जो आरसीबी के लिए आईपीएल में मैच फिनिशर की भूमिका सफलतापूर्वक निभा चुके हैं।

अक्षर का खेलना भी संदिग्ध

भारतीय स्पिनर अक्षर पटेल का पाक के खिलाफ खेलना संदिग्ध है। उन्हें ओमान के खिलाफ मैच में फील्डिंग करते समय सिर में चोट लगी थी। उसके बाद वे मैदान से बाहर चले गए थे। अगर किसी वजह से अक्षर पाकिस्तान के खिलाफ मैच से बाहर रहते हैं तो टीम के लिए तीन स्पिनरों के साथ मैदान पर उतरना मुश्किल हो सकता है।

भारत का पलड़ा भारी

भारतीय टीम टी20 इंटरनेशनल में 2022 से पाकिस्तान से कोई मैच नहीं हारी है। वहीं, इन दोनों देशों के टी20 हेड टू हेड पर नजर डालें तो भारत का पलड़ा बहुत ज्यादा भारी नजर आता है। अब तक दोनों के बीच कुल 14 टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से भारत ने 11 तो पाकिस्तान की टीम सिर्फ तीन मैच ही जीत सकी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak