पटना. बिहार के गयाजी में आज गुरुवार 25 सितम्बर को एक बड़ा हादसा हो गया. खिजरसराय थाना क्षेत्र के केनी पुल के समीप सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के लिए रील बनाने के चक्कर में 9 लड़के नदी में डूब गए. जिसमें पांच युवकों की मौत हो गई. वहीं चार को गंभीर हालत में बचा लिया गया है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक ये सभी नदी के किनारे रील बना रहे थे. इसी दौरान रील बनाते- बनाते गहरे पानी में चले गए. उसके बाद खुद को डूबता देख ये लोग चिल्लाने लगे. इन लोगों की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े. उसके बाद किसी तरह चार युवकों को बचाया जा सका. इस संबंध में नीमचक बथानी अनुमंडल के एसडीएम केशव आनंद ने बताया कि अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष के द्वारा घटना की सूचना प्राप्त हुई है. जिसमें बताया गया कि नदी में डुबने वालों में छह लड़कों का नाम में तौसीफ, जासिफ, साहिल, जैम, सुफियान और साजिद है.यह घटना केनी घाट के समीप हुई है.दूसरी ओर घटना कैसे हुई और कैसे क्या कुछ हुआ है यह इलाजरत लड़के सही तरीके से बता पाएंगे.नौ लड़कों में से कोई सगा भाई भी था या इनमें से कुछ लड़के एक ही परिवार के भी थे यह सब जांच के बाद पता चलेगा.
इस घटना के बाद परिजनों को पता चला तो गांव में मातम पसर गया है.परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.इस संबंध में बताया जा रहा है कि ये सभी लड़के स्कूल से लौट रहे थे.इसी दौरान वीडियो बनाने के लिए नदी के किनारे चले गए और यह बड़ा हादसा हो गया.इस संबंध में एसडीएम ने बताया कि इनमें से कुछ लड़के 11वीं कक्षा के हैं तो कुछ 12वीं के हैं.
