khabar abhi tak

एमपी : बड़ा हादसा, सिंध नदी में 6 बच्चियां डूबीं, पांच को निकाला, एक की तलाश जारी

 
दतिया.
मध्य प्रदेश के दतिया के सेवढ़ा कस्बे के प्रसिद्ध सनकुआं धाम पर रविवार 21 सितम्बर की सुबह मामुलिया विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सिंध नदी में स्नान के दौरान 6 बच्चियां अचानक डूब गईं। स्थानीय लोगों की तत्परता से पांच बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक बच्ची अब भी लापता है।

एक अन्य बच्ची की हालत गंभीर है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है। यह हादसा सुबह करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच का है, जब सेवढ़ा वार्ड क्रमांक 11 से खटीक समाज की कुछ बच्चियां मामुलिया विसर्जन के लिए घाट पर पहुंची थीं।

लापता बच्ची की तलाश जारी

जानकारी के अनुसार, डूबने वालों में सिमरन (9), पिता गौरीशंकर खटीक अब भी लापता है। करिश्मा (19), पिता संजीव खटीक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं चंदू (16), पिता अरुण खटीक, संस्कार (9), देव (7) पिता ज्ञान खटीक और कंचन (11), पिता दयाल खटीक को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

रेस्क्यू टीम के स्टीमर में नहीं था पेट्रोल

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सिंध नदी के इस घाट पर सुरक्षा के नाम पर कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे। आपदा प्रबंधन की टीम के केवल दो सदस्य मौजूद थे और जो स्टीमर नदी किनारे खड़ा था, वह स्टार्ट ही नहीं हो सका क्योंकि उसमें पेट्रोल नहीं था। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जब हंगामा किया, तब करीब तीन घंटे बाद प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। इससे लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बरसात के मौसम में सनकुआं धाम पर ऐसे हादसे होते हैं। बीते तीन महीनों में ही यहां छह से सात घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। एएसपी सुनील कुमार शिवहरे ने बताया कि लापता बच्ची की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ की टीम को लगाया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak