बिलासपुर। सरकंडा की रहने वाली एक हम उम्र सहेली को मां के साथ मिलकर उसकी दोस्त ने देह व्यापार में ढकेल दिया। नाबालिग की शिकायत के बाद पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें नाबालिक की हम उम्र सहेली, उसकी मां और रायगढ़ का कथित दलाल विक्की भोजवानी शामिल है।
सरकंडा पुलिस के मुतबिक यह मामला बेहद गंभीर है और पीड़िता को फिलहाल संरक्षण गृह में रखा गया है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क से और कितनी लड़कियां जुड़ी हो सकती हैं और इस मामले में अन्य सहयोगियों की भूमिका रही है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 8 अगस्त को नाबालिग का अपने परिजनों से किसी घरेलू विवाद को लेकर झगड़ा हो गया था, जिसके चलते वह घर छोड़कर चली गई थी। इस मौके का फायदा उठाते हुए उसकी सहेली ने अपनी मां के साथ मिलकर उसे बहलाया-फुसलाया और रायगढ़ ले गए थे। रायगढ़ पहुंचते ही पीड़िता को एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। उसे जबरन शराब पिलाई गई। इसके बाद उसे अनजान लड़कों के साथ संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। जब उसने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट भी की। पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि यह सब एक रैकेट की तरह संगठित तरीके से चल रहा है।