बीजिंग.चीन की एक अदालत ने दो नाबालिग किशोरों की शर्मनाक हरकत के लिए उनके माता-पिता पर 2.2 मिलियन युआन (लगभग 2.71 करोड़ रुपये) का भारी-भरकम जुर्माना लगाया है। यह मामला शंघाई के एक प्रसिद्ध हैदिलाओ हॉटपॉट रेस्टोरेंट से जुड़ा है, जहाँ दो किशोरों ने नशे की हालत में उबलते सूप के बर्तन में पेशाब कर दिया था।
यह घटना इसी साल 24 फरवरी 2025 की है। वू और तांग नाम के दो 17 वर्षीय लड़के नशे में धुत होकर रेस्टोरेंट के एक निजी कमरे में पहुंचे और टेबल पर चढ़कर उस उबलते सूप में पेशाब कर दिया, जिसका इस्तेमाल सब्जियों और मांस को पकाने के लिए किया जाता है। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया था।
हालांकि इस बात का कोई सबूत नहीं मिला कि किसी ग्राहक ने उस दूषित सूप का सेवन किया, फिर भी रेस्टोरेंट ने अपनी प्रतिष्ठा और ग्राहकों के भरोसे को बनाए रखने के लिए एक असाधारण कदम उठाया। हैदिलाओ प्रबंधन ने 24 फरवरी से 8 मार्च के बीच रेस्टोरेंट में आए 4,000 से अधिक ग्राहकों को मुआवजा दिया। इन ग्राहकों को न केवल उनके बिल की पूरी राशि लौटाई गई, बल्कि दस गुना अतिरिक्त नकद मुआवजा भी दिया गया। इसके साथ ही, रेस्टोरेंट ने अपने सभी बर्तनों को नष्ट करके नए खरीदे और पूरे परिसर की गहरी सफाई करवाई।
कंपनी ने अपनी साख को पहुंचे नुकसान और ग्राहकों को दिए गए मुआवजे की भरपाई के लिए शुरू में 23 मिलियन युआन (लगभग 28 करोड़ रुपये) का हर्जाना मांगा था। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने किशोरों की हरकत के लिए उनके माता-पिता को जिम्मेदार ठहराया और उन्हें 2.2 मिलियन युआन का जुर्माना भरने का आदेश दिया।
