khabar abhi tak

महानगरी एक्सप्रेस के एसी कोच में चोरों का तांडव, 1 को यात्रियों ने पकड़कर 150 किमी तक जमकर पीटा, दो भागने में सफल

खंडवा. छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई से चलकर वाराणसी को जाने वाली महानगरी एक्सप्रेस के एसी कोच तीन चोर चढ़ गए। इसके बाद यात्रियों का बैग चोरी कर लिया। यात्रियों की नजर उन पर पड़ी तो दो चोर चलती ट्रेन में से कूद गए, वहीं एक को यात्रियों ने घेर लिया। इसके बाद जमकर उसकी पिटाई की और उसे ट्रेन के डिब्बे में ही बांध दिया। ट्रेन 150 किमी दूर खंडवा पहुंची, तब यात्रियों ने चोर को जीआरपी के हवाले किया। एक पीडि़त यात्री की शिकायत पर जीआरपी ने चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरु की।

घटना मंगलवार 16 सितम्बर की सुबह की है। यात्रियों के अनुसार तीन चोर महानगरी एक्सप्रेस के एसी कोच बी-6 में चालिसगांव स्टेशन से चढ़े थे। इसके बाद यात्रियों का सामान चुराया। दो चोर मौके से भागने में सफल हो गए। एक को पकड़कर यात्रियों ने जमकर पिटाई की और उसे चार घंटे ट्रेन में बांधकर रखा। ट्रेन सुबह करीब 9.45 बजे खंडवा स्टेशन पहुंची। यहां पीडि़त यात्री जफर अंंसारी की शिकायत पर जीआरपी ने उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।

चोर ने गलत बताया नाम

जीआरपी की पूछताछ में चोर ने अपना नाम अभिजीत लक्ष्मीकांत मिश्रा बताया। वहीं फरियादी यात्री ने कहा कि जब चोर की पिटाई हो रही थी तो वह खुद को कभी पंडित बताता, तो पिटाई होने पर अल्लाह-अल्लाह कह रहा था। वहीं चोर ने जीआरपी को प्रारंभिक पूछताछ में कहा कि उसने कोई चोरी नहीं की, वह तो परिवार के साथ सफर रहा था।

गांजे के नशे में था चोर

खंडवा स्टेशन पर उतरे गुस्साए यात्रियों ने कहा कि चोर के दो साथी बैग लेकर भाग गए, जिसमें उनके रुपये और मोबाइल था। यात्री ऋषिकेश पांडे निवासी जोनपुर ने कहा हम मुंबई से यात्रा कर रहे थे, चोर ने मारपीट के बाद कबूला कि उसके साथ दो साथी थे, जो भाग गए। यह चोर गांजे के नशे में था, इसलिए पकड़ा गया। 

टीसी का भी नाम ले रहा था चोर

यात्री ऋषिकेश पांडे व अन्य ने आरोप लगाते हुए कहा कि चोर की जब विधिवत पिटाई शुरु हुई और हमने पूछा कि एसी कोच में कैसे चढ़ गया तो वह टीसी का भी नाम लेने लगा। यात्रियों ने कहा कि चोर, बदमाश ट्रेनों में घूमते हैं, यह ट्रेन के स्काड की चैकिंग की भी गलती है। बगैर टिकिट के चोर एसी डिब्बे में चढ़ गया।

पर्स और मोबाइल नहीं मिला

ट्रेन में चढ़े जो दो चोर भागने में सफल हो गए, वह खंडवा निवासी यात्री जफर अंसारी की पत्नी का पर्स ले गए। जिसमें नकदी, मोबाइल और दवाईयां थीं। जो उन्हें नहीं मिल पाया। अन्य यात्रियों ने कहा कि ट्रेन में इस तरह घटनाएं यात्रियों के साथ हो रही है। इससे अच्छा तो वह थोड़े रुपये और खर्च कर एसी का टिकट लेने की बजाय हवाई जहाज से सफर करना पसंद करेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak