कटनी/जबलपुर. मध्य प्रदेश के कटनी के सर्राफा व्यापारी दुकानें बंद कर थाने पहुंचे। इन्होंने धोखाधड़ी की शिकायत की। बताया गया कि एक जेवर सप्लायर करोड़ों का सोना लेकर अचानक लापता हो गया। इस घटना से व्यापारियों में हड़कंप मचा है। श्रेया टूल्स नामक प्रतिष्ठान के संचालक अंशुल सोनी ने कई व्यापारियों से सप्लाई के लिए सोने के जेवर लिए थे। अंशुल सर्राफा एसोसिएशन का सदस्य भी है और लंबे समय से व्यापारियों के साथ काम कर रहा था।
गत बुधवार को जब व्यापारियों ने अंशुल से संपर्क करने की कोशिश की, तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। कई घंटों के इंतजार के बाद व्यापारियों को समझ आया कि अंशुल उनका करोड़ों का सोना लेकर फरार हो चुका है। शनिवार 2 अगस्त की देर शाम शिकायत करने वाले व्यापारियों में मनोज सोनी, मयंक सोनी, सुनील सोनी, अंकित सोनी, अमन सोनी, जित्तू सोनी, अयुश सोनी, सुधीर सोनी, शिवम सोनी और आशीष सोनी शामिल हैं। इन सभी का आरोप है कि अंशुल के इस कृत्य में और भी लोग शामिल है।
थाने पर व्यापारियों ने की शिकायत
व्यापारियों ने अपना कारोबार बंद कर कोतवाली थाने में इक_ा होकर कोतवाली प्रभारी, पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी है। कोतवाली थाना प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि करीब 30 से 35 सर्राफा व्यापारियों के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। उन्होंने यह भी बताया कि अंशुल के परिवार वालों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
