
चेन्नई. इंटरनेशनल क्रिकेट के बाद अश्विन ने अब आईपीएल से भी संन्यास ले लिया है. इस बात की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए दी. एक्स हैैंडल पर आईपीएल से रिटायर होने का ऐलान करते हुए अश्विन ने अपने इस बड़े फैसले के पीछे की वजह भी बताई .अश्विन ने बताया है कि वो अब क्या करने वाले हैं. अश्विन ने अपने आईपीएल करियर में 5 टीमों के लिए योगदान दिया है. उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग में कुल 221 मैच खेले हैं.
अश्विन ने एक्स हैंडल पर लिखा ये जिंदगी का खास दिन है. कहते हैं हर चीज का अंत एक नई शुरुआत लेकर आती है. और, मेरी इस कहानी में भी कुछ ऐसा ही है. संन्यास लेते हुए अश्विन ने आईपीएल, बीसीसीआई और उन सभी फ्रेंचाइजियों का शुक्रिया अदा किया, जिनके लिए वो खेले.
अश्विन ने इसलिये लिया आईपीएल से संन्यास
अब सवाल है कि अश्विन ने अचानक से आईपीएल को अलविदा कहने का मन क्यों बनाया? तो जैसा कि उन्होंने संन्यास की घोषणा करते हुए कहा कि हर एंडिंग एक नई बिगनिंग लेकर आती है. उनकी इसी बात में उनके फैसले की वजह भी छिपी है. अश्विन की नजर दरअसल अब दूसरे देशों की टी20 लीग पर है. वो उनमें खेलना चाहते हैं और उसके लिए आईपीएल से संन्यास जरूरी था.
अश्विन का आईपीएल करियर- 5 टीम, 221 मैच
अश्विन के आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने 16 साल में 5 टीमों के लिए अपना योगदान दिया है. साल 2009 में आईपीएल के दूसरे सीजन में उन्होंने डेब्यू किया था. तब सीएसके के साथ शुरू हुआ सफर सीएसके पर ही आकर खत्म भी हुआ. अश्विन ने आईपीएल 2025 में भी सीएसके का ही हिस्सा थे. इस बीच उन्होंने राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के लिए भी मैच खेले. अश्विन ने कुल 221 आईपीएल मैच खेले, जिसमें 187 विकेट लेने के अलावा उन्होंने 1 अर्धशतक के साथ 833 रन भी बनाए हैं.