पुलिस ने मामले में रईस खान, हेमराज, विकास चक्रवर्ती व सोनू बर्मन को पकड़ा है। इनमें रहीस और हेमराज उडऩा पाटन के निवासी हैं। जबकि विकास दमोह रहता है। वहीं सोनू इंद्राना से है।
इन सभी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट का प्लान बनाया। एक सप्ताह तक रेकी की और हथियार लेकर बैंक में दाखिल हो गए। महज 20 मिनट के भीतर साढ़े 14 करोड़ रुपए का सोना और 5 लाख से अधिक रुपए लेकर फरार हो गए। रईस कुछ माह पहले ही उड़ीसा की जेल से छूटकर जमानत पर जबलपुर आया था। उसने यह प्लान बनाया था। किसी को शक ना हो इसके लिए उसने बिहार के कुछ बदमाशों को भी इसमें शामिल किया था। वहीं पाटन के अपने साथी हेमराज उर्फ बबलू के अलावा विकास व सोनू को भी शामिल किया। खबर है कि रईस ने सारा सोना बिहार निवासी अपने साथियों को दे दिया है, जबकि करीब डेढ़ लाख रुपए अपने पास रख लिए थे। इनका प्लान था कि सोना लेकर कुछ लोग बिहार में छिपे रहेंगे। मौका पाकर बिहार जाएंगे और वहां बंटवारा कर लेंगे। गौरतलब है कि 11 अगस्त को सुबह 9 बजे 2 बाइक पर सवार होकर पहुंचे 5 लुटेरे इसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में घुसे थे। यहां कट्टे की नोक पर 14 किलो 875 ग्राम सोना सहित 5 लाख 8 हजार रुपए नकद लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद रेंज आईजी प्रमोद मिश्रा ने 30 हजार का इनाम घोषित किया था।