बाप-बेटे के जहन में चार साल से दबी ' बदले की चिंगारी ' सुलग उठी, किया घातक हमला


जबलपुर।
गोहलपुर के नर्मदा नगर में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें चार सालों से बाप-बेटे के भीतर दबी बदले की चिंगारी बुधवार रात सुलग उठी। पिता-पुत्र ने मिलकर एक युवक पर घातक हमला किया और भाग गए। पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा और आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।

गोहलपुर थाना प्रभारी रीतेश पाण्डेय ने बताया कि बुधवार देर रात पुलिस को मेडिकल अस्पताल से सूचना मिली थी कि मारपीट में घायल नीरज रजक को भर्ती किया गया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां नीरज ने अपने बयान में बताया कि वह धोबी का काम करता है। पड़ौस में घर के सामने भारत कोष्टा का मकान है। उसके घर में लगभग 4 वर्ष पूर्व चोरी हुयी थी। तभी से भारत और भारत का लड़का अमित उसके द्वारा चोरी करने का उलाहना देते हैं। बुधवार रात वह काम से घर आया था। रात लगभग 12-15 बजे घर के सामने भारत कोष्टा और अमित कोष्टा मिले। दोनों चोरी की बात को लेकर उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। मौके पर उसने गालियां देने से मना किया। दोनों ने जान से मारने की नियत से भारत ने चाकू एवं अमित ने ब्लेड से हमला कर दिया था। हमले में उसके दोनो हाथ, पेट, सीना, गर्दन, गाल, कंधा में चोटेें आई। घायल युवक को परिचितों ने तत्काल मेडिकल पहुंचाया था। उधर, सूनेपन का फायदा उठाकर दोनों आरोपी भाग गए। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीएसपी मधुर पटेरिया के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post