khabar abhi tak

वर्ल्ड कप खेलने भारत आएगी पाकिस्तानी टीम, भारत से होगा ग्रुप स्टेज में महामुकाबला

 
नई दिल्ली.
भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर जारी तनाव और हालिया आतंकी हमलों के बाद बने तल्ख माहौल के बीच, खेल के मैदान से एक बड़ी और सकारात्मक खबर सामने आई है। पाकिस्तान ने इस साल के अंत में भारत में होने वाले एफआईएच जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप में अपनी भागीदारी की पुष्टि कर दी है। यह फैसला इसलिए भी अहम है क्योंकि कुछ ही समय पहले पाकिस्तान की सीनियर टीम ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में चल रहे हॉकी एशिया कप से अपना नाम वापस ले लिया था।

हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने शनिवार को इस बात का ऐलान किया कि पाकिस्तान हॉकी महासंघ ने एफआईएच जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप में अपनी टीम भेजने की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। उन्होंने इसे खेल की भावना के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया। यह प्रतिष्ठित अंडर-21 टूर्नामेंट युवा खिलाडिय़ों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बड़ा मंच प्रदान करता है।

गौरतलब है कि हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले और उसके जवाब में भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों में तनाव चरम पर है। इसी तनाव और सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए पाकिस्तान हॉकी महासंघ ने बिहार के राजगीर में चल रहे हॉकी एशिया कप 2025 में अपनी सीनियर टीम को भेजने से इनकार कर दिया था, लेकिन अब जूनियर वर्ल्ड कप के लिए टीम भेजने का फैसला दोनों देशों के खेल संबंधों के लिए एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।

एफआईएच जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप 2025 का आयोजन इस साल 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चेन्नई और मदुरै में किया जाएगा, जिसमें दुनिया भर की 24 टीमें हिस्सा लेंगी। हॉकी प्रेमियों के लिए सबसे बड़ी खबर यह है कि मेजबान भारत और चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को एक ही पूल-बी में रखा गया है। इस ग्रुप में उनके साथ चिली और स्विट्जरलैंड की टीमें भी हैं। इस ड्रॉ के साथ ही ग्रुप स्टेज में भारत और पाकिस्तान के बीच एक हाई-वोल्टेज महामुकाबला होना तय हो गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak