उफनाती नदी में बहा युवक, रोकने के बाद भी पार कर रहा था पुलिया, एमपी में फिर शुरु होगा तेज बारिश का दौर
byKhabarAbhiTak-
0
भोपाल/नरसिंहपुर। एमपी में किसी भी शहर में आज तेज बारिश का अलर्ट नहीं था, 28 अगस्त से नया सिस्टम एक्टिव होगा। इसके बाद राज्य के दक्षिणी हिस्से में एक बार फिर तेज बारिश शुरू होगी। वहीं आज सुबह नरसिंहपुर में किसानी वार्ड निवासी 45 वर्षीय गुड्डू जाट उर्फ अंबानी, सिंगरी नदी के तेज बहाव में बह गया। वह लोगों के रोकने के बावजूद पुलिया पार करने की कोशिश कर रहा था।
इससे पहले रतलाम में तेज बारिश के कारण चौराहों पर पानी भर गया। मंदसौर में शिवना नदी उफान पर आ गई। जबलपुर के बरगी डैम के 9 और नर्मदापुरम के तवा बांध के 3 गेट खोलकर पानी छोड़ा गया। मध्यप्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान 17 से अधिक जिलों में बारिश का दौर रहा। गुना में सबसे ज्यादा 2 इंच पानी गिर गया। बालाघाट के मलाजखंड में 1.6 इंच, रतलाम में 1 इंच बारिश हुई। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, शाजापुर, सीहोर, रतलाम, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, शिवपुरी, उमरिया, दमोह, खंडवा, छतरपुर, नर्मदापुरम, सिवनी में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों की माने तो प्रदेश के ऊपर से एक मानसून ट्रफ गुजर रही है। जिसके चलते कई जिलों में हल्की बारिश का दौर बना रहा। आज ट्रफ प्रदेश से दूर रहेगी, जिससे तेज बारिश नहीं होगी। लेकिन 28 अगस्त से सिस्टम स्ट्रॉन्ग हो सकता है। प्रदेश में 16 जून को मानसून ने आमद दी थी। तब से अब तक औसत 35.6 इंच बारिश हो चुकी है। अब तक 29 इंच पानी गिरना था। इस हिसाब से 6.6 इंच पानी ज्यादा गिर चुका है। प्रदेश की सामान्य बारिश औसत 37 इंच है। इस हिसाब से कोटे की 96 प्रतिशत तक बारिश हो चुकी है। 1ण्4 इंच बारिश होते ही इस बार भी बारिश का कोटा फुल हो जाएगा। पिछली बार 44 इंच से ज्यादा पानी गिरा था।