शहपुरा में दिनदहाड़े दो घरों के ताले टूटे, चोरों ने उड़ाए गहने


रिश्तेदारी में पहुंचा शिक्षक और उल्टे पैर घर लौटा 

जबलपुर। शहपुरा के कैथरा में रहने वाले एक सरकारी स्कूल के एक शिक्षक को रिश्तेदारी में जाना महंगा साबित हुआ। वह कुछ ही देर अपने रिश्तेदार के यहां रूक सका और पड़ोसी की सूचना मिलते ही वह वापस घर लौट आया। उसके घर में चोरों ने धावा बोलकर गहने साफ कर दिए थे।

शहपुरा पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की रात कैथरा में रहने वाले अरविन्द  सिंह  राजपूत ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह शासकीय प्राथमिक शाला नाचनखेड़ा में शिक्षक के पद पर पदस्थ है। शुक्रवार सुबह लगभग 9-40  बजे रिश्तेदारी में नारायणपुर सुरखी, सागर अपने परिवार सहित गया था। दोपहर लगभग 3-50  बजे उसके पड़ौसी गोविन्द पटैल ने फोन कर बताया कि उसके मकान के मेन गेट एवं सामने का दरवाजा खुला है। उसने गोविन्द पटैल को घर जाकर देखने कहा तो गोविंद ने वीडियो कॉल कर दिखाया। कोई अज्ञात चोर घर में घुसकर  आलमारी एवं गोदरेज का ताला तोड़कर सामान चोरी कर ले गया था। वह शाम  को घर वापस आया और देखा गोदरेज की आलमारी में रखा सोने का हार, 2 मंगलसूत्र, 1 विचौली, 1 मनचली, 5 जोड़ी कान के गहने, 2 माला गुरिया वाली, 1 अंगूठी चांदी की पायल बिछिया एवं नगदी 45 हजार रूपये नहीं थे। 

पूजा करने गयी थी निर्मला

इसी तरह ओम शांति कॉलोनी निवासी दशरथ विश्वकर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह कारपेंटर का काम करता है। शुक्रवार को अपने बेटे स्वयं विश्वकर्मा के साथ काम करने के लिये सुबह लगभग 9-30 बजे जबलपुर चला गया था। पत्नी निर्मला घर पर थी, जो दोपहर लगभग 12 बजे घर में ताला लगाकर विनोद विश्वकर्मा के घर मोहराई छट की पूजा करने के लिये गयी थी। शाम लगभग 6 बजे घर वापस आयी तो देखा घर का ताला टूटा था। घर के अंदर आलमाारी खुली थी। सामान बिखरा था। आलमारी मे रखा बैग नहीं था। महिला के मुताबिक बैग में सोने का हार, मंगलसूत्र, चूडी, झुमकी, चांदी की 3 जोड पायल तथा नगदी 5 हजार रूप्ये थे, जो नहीं थे। 

Post a Comment

Previous Post Next Post