नई दिल्ली. केंद्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने फैसला लिया है कि रेलवे बोर्ड के चेयरमैन और सीईओ सतीश कुमार का कार्यकाल एक साल और बढ़ा दिया गया है. वे 1 सितंबर 2025 से आगे भी कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पर अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे. यह विस्तार मौजूदा शर्तों पर ही होगा और आगे के आदेश आने तक लागू रहेगा.
उल्लेखनीय है कि श्री कुमार ने गत 1 सितम्बर 2024 को चेयरमैन का पदभार ग्रहण किया था. वे भारतीय रेलवे के पहले दलित चेयरमैन थे. उनका कार्यकाल 30 अगस्त को समाप्त हो रहा था. उसके पहले ही भारत सरकार ने उनका कार्यकाल को विस्तारित कर दिया है.
जानिए सतीश कुमार के बारे में
भारतीय रेलवे मैकेनिकल इंजीनियर्स सेवा के 1986 बैच के अधिकारी सतीश कुमार मार्च 1988 में भारतीय रेलवे की सेवा में औपचारिक रूप से शामिल हुए। उनके पास 34 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वे उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज में महाप्रबंधक के रूप में काम कर चुके हैं। उन्होंने अप्रैल, 2017 से अप्रैल, 2019 तक उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक के रूप में भी काम किया था। वहीं, उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक के पद से पहले उन्होंने उत्तर पश्चिम रेलवे, जयपुर में वरिष्ठ उप महाप्रबंधक और मुख्य सतर्कता अधिकारी के रूप में कार्य किया है। सतीश कुमार ने प्रतिष्ठित मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, जयपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री प्राप्त की है और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय से ऑपरेशन मैनेजमेंट और साइबर लॉ में पीजी डिप्लोमा भी किया है
