शहडोल। जिले में सरकारी राशि में हेराफेरी का एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां की जयसिंह नगर जनपद पंचायत की कुदरी ग्राम पंचायत ने दो पन्नों की फोटो कॉपी के लिए 4000 रुपए का बिल पास कर भुगतान भी कर दिया। यह बिल चर्चा का विषय बना हुआ है।
सरपंच बोली, जानकारी नहीं है-
मामले को लेकर सरपंच चंद्रवती सिंह ने कहा कि मुझे इस संबंध में जानकारी नहीं। सचिव ने जिस तरह के बिल में दस्तखत कराए होंगे, वैसे मैंने कर दिए। मुझे बिल के बारे में जानकारी नहीं है। उसमें क्या मात्रा और दर है। इस संबंध में अधिकारियों से चर्चा करूंगी।
सचिव बोला. मेरे समय भुगतान नहीं हुआ-
कुदरी पंचायत के सचिव हेमराज कहार ने कहा कि मुझे पंचायत में जॉइन किए कुछ दिन ही हुए हैं। जो भुगतान हुआ है, वह मेरे समय का नहीं है। बिल बनाने में जरूर गड़बड़ी हुई है, उसमें दर की जगह मात्रा और मात्रा की जगह दर लिख दिया गया है। जांच अधिकारियों को इस गड़बड़ी को पकडऩा था। बिल का भुगतान हो चुका है।
दुकानदार बोला, भुगतान का याद नहीं
जिस दुकान से फोटोकॉपी के बिल लगाए गए हैंए उसका नाम महाराज फोटोकॉपी सेंटर है। दुकान के संचालक अनिलेश चतुर्वेदी ने कहा कि ग्राम पंचायत के सभी दस्तावेजी काम मेरी ही दुकान से होते हैं। फोटोकॉपी भी मेरी दुकान से कराई गई होगी। अब 2000 प्रति कॉपी किस दस्तावेज के हुए मुझे याद नहीं। मस्टर रोल समेत अन्य दस्तावेजों की फोटोकॉपी कराई जाती है। इस संबंध में ज्यादा जानकारी ग्राम पंचायत ही दे पाएगी। वहीं मामले में कलेक्टर केदार सिंह का कहना है कि क्वांटिटी दो हजार है। दर 2 रुपए लिखने में त्रुटि हो गई होगी।