khabar abhi tak

केंद्रीय कर्मचारियों को सरकार ने दिया झटका, नहीं मिलेगा 18 महीने का बकाया डीए एरियर

 नई दिल्ली. देश के रेलवे सहित तमाम केन्द्रीय कर्मचारियों-पेंशनरों को केंद्र सरकार ने बड़ा झटका दे दिया है. कोरोना काल महामारी के समय रोके गए 18 महीने के डीए एरियर पर एक बार फिर केन्द्र सरकार ने अपना रूख साफ कर दिया है। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने स्पष्ट शब्दों में कह दिया है कि महंगाई भत्ता या महंगाई राहत का बकाया दिया जाना संभव नहीं है। इन भत्तों का एरियर जारी नहीं किया जाएगा। 

बता दे कि केंद्र सरकार द्वारा हर साल जनवरी/जुलाई में डीए में वृद्धि की जाती है। इसी क्रम में 2020-21 में भी डीए बढ़ाया गया था, लेकिन कोविड महामारी के चलते जनवरी 2020 से जनवरी 2021 तक का डीए के एरियर रोक दिया गया था, जिसकी लगातार मांग उठ रही है।

सांसद ने 18 महीने के बकाया एरियर पर पूछा था सवाल

दरअसल, संसद के मानसून सत्र के दौरान लोकसभा में सपा सांसद आनंद भदौरिया ने केन्द्र सरकार से सवाल पूछा था कि क्या कोविड-19 के दौरान कर्मचारियों एवं पेंशनरों के लिए महंगाई भत्ता और महंगाई राहत, 18 महीने के लिए रोक दी गई थी, उसे जारी नहीं किया गया। इसे जारी नहीं करने के क्या कारण हैं। क्या सरकार कर्मचारियों द्वारा व्यय किया जाना सुनिश्चत करने के लिए इसे जारी करेगी।

वित्त मंत्रालय ने दिया ये जवाब

इस पर वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने जवाब देते हुए बताया कि सरकार के कर्मचारियों-पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ता या महंगाई राहत की 1 जनवरी 2020, 1 जुलाई 2020 और 1 जनवरी 2021 से  देय तीन किस्तों को फ्रीज करने का निर्णय कोविड-19 के दौरान लिया गया था, जिसका मकसद सरकारी वित्त पर दबाव को कम करना था।  वर्ष 2020 में वैश्विक महामारी के विपरीत वित्तीय प्रभाव तथा सरकार द्वारा किए गए कल्याणकारी उपायों के वित्तपोषण का वित्त वर्ष 2020-21 के बाद राजकोषीय प्रभाव पड़ा, इसलिए महंगाई भत्ता/महंगाई राहत का बकाया दिया जाना संभव नहीं है।कुल मिलाकर सरकार ने एक बार फिर 18 महीने का बकाया डीए/डीआर देने से साफ तौर पर इंकार कर दिया है।

अगर भुगतान होता तो एरियर के मिलते 2.20 लाख तक?

नेशनल काउंसिल ऑफ जेसीएम के शिवगोपाल मिश्रा का कहना है कि लेवल-1 के कर्मचारियों का डीए एरियर 11,880 रुपए से लेकर 37,554 रुपए के बीच बनता है।

लेवल-13 (7TH CPC बेसिक पे-स्केल 1,23,100 रुपए से 2,15,900 रुपए) या लेवल-14 (पे-स्केल) के लिए कैलकुलेशन की जाएगी तो एक कर्मचारी के हाथ में महंगाई भत्ता एरियर का 1,44,200 रुपए से 2,18,200 रुपए का भुगतान किया जाना है।

अगर कर्मचारी का मूल वेतन 18,000 रुपये है, उसे 3 महीने के हिसाब से बकाया डीए एरियर (4,320+3,240+4,320) = 11,880 रुपये मिल सकता है।

अगर कर्मचारी का मूल वेतन 56,000 रुपये है उसे 3 महीने का (13,656 + 10,242 + 13,656) = 37,554 रुपये का डीए एरियर भुगतान किया जाना है।

लेवल-13 (7TH CPC बेसिक पे-स्केल 1,23,100 रुपये से 2,15,900 रुपये) ।

लेवल-14 (पे-स्केल) के लिए डीए एरियर का 1,44,200 रुपये से 2,18,200 रुपये भुगतान किया जाना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak