khabar abhi tak

पाकिस्तानी सेलिब्रिटीज फवाद खान, माहिरा और शाहिद अफरीदी के अकाउंट्स फिर बैन


नई दिल्ली. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच संबंधों में भारी तनाव देखा गया है। इस बीच पाकिस्तान के कुछ सेलिब्रिटीज के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लगा प्रतिबंध हटा दिया गया था। लेकिन एक दिन बाद ही इन अकाउंट्स पर दोबारा बैन लगा दिया गया है।

हाल ही में कुछ पाकिस्तानी कलाकारों जैसे माहिरा खान, मावरा होकैन, युमना जैदी, हानिया आमिर और फवाद खान के इंस्टाग्राम व ट्विटर अकाउंट्स भारत में अस्थायी रूप से दिखाई देने लगे थे। हालांकि, गुरुवार सुबह इन सभी अकाउंट्स पर दोबारा प्रतिबंध लगा दिया गया। इसके अलावा हम टीवी, ARY डिजिटल और हर पाल जियो जैसे पाकिस्तानी यूट्यूब चैनल भी 2 जुलाई को कुछ समय के लिए भारत में एक्सेस किए जा सकते थे, लेकिन अब ये चैनल भी उपलब्ध नहीं हैं।

इस मुद्दे पर सरकार की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन पूर्व विदेश सचिव कंवल सिब्बल ने इस अस्थायी बैन हटाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि, अगर ऑपरेशन सिंदूर हमारी शीर्ष प्राथमिकता है, तो यह बैन क्यों हटाया गया था? क्या वे अकाउंट्स जो भारत विरोधी कंटेंट फैला रहे थे, अब मैत्रीपूर्ण हो गए हैं?

गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत कार्रवाई करते हुए 16 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों को बैन कर दिया था। इन चैनलों पर भारत विरोधी सामग्री प्रसारित करने का आरोप था। इनमें डॉन न्यूज, समा टीवी, ARY न्यूज और जियो न्यूज जैसे प्रमुख नाम शामिल थे। इस घटनाक्रम ने एक बार फिर भारत-पाक डिजिटल संबंधों और साइबर रणनीति को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। आगे की कार्रवाई और सरकार की स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak