जबलपुर : होमसाइंस कालेज की महिला प्रोफेसर की घर में खून से सनी लाश मिली, गले और हाथ पर मिले कट के निशान

जबलपुर. एमपी के जबलपुर के गढ़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार 11 जुलाई की दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब 57 साल की प्रोफेसर की उनके घर पर खून से सनी संदिग्ध लाश मिलने की खबर फैली। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर मर्ग कायम किया और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी है।

बताया जाता है कि अंबर बिहार में रहने वाली मृतका प्रोफेसर प्रज्ञा अग्रवाल जिले के होम साइंस कॉलेज में वनस्पति शास्त्र पढ़ाया करती थीं। हाल ही में उनका ट्रांसफर जबलपुर से दमोह हुआ था। पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि प्रोफेसर घर पर अकेली रहती थीं। आसपास के कुछ लोग कभी-कभी उनसे मिलने आया करते थे। पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। मृतका के गले और हाथ में कटने के निशान हैं।

अकेली रहती थी प्रोफेसर

मृतका प्रज्ञा अग्रवाल अविवाहित थीं और जबलपुर में अकेली रहती थीं। उनके छोटे भाई भोपाल में रहते हैं। रोज की तरह शुक्रवार दोपहर को गढ़ा क्षेत्र में रहने वाली उनकी मेड जब काम करने के लिए घर पहुंची और जैसे ही दरवाजा खोलकर अंदर गई, तो देखा कि दूसरे कमरे में प्रज्ञा मृत अवस्था में पड़ी हुई थी। चारों तरफ खून फैला हुआ था। मेड ने तुरंत ही गढ़ा थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस की पूछताछ में मेड ने बताया कि वह कई सालों से उनके घर पर काम कर रही है। प्रज्ञा ने उसे घर की एक चाबी भी दे रखी थी, जिससे वह दिन में दो से तीन बार आकर काम करती और चली जाती थी। मेड ने बताया कि आज दोपहर जब वह घर के अंदर गई, तो मैडम जमीन पर खून से लथपथ पड़ी हुई थीं।

गले और हाथ में कटने के निशान

होम साइंस कॉलेज में छात्राओं को पढ़ाने वाली प्रज्ञा अग्रवाल की हत्या की गई है या उन्होंने आत्महत्या की है, यह पुलिस के लिए अब भी एक बड़ा सवाल बना हुआ है। जिस स्थान पर उनका शव मिला, वहां पास में एक चाकू भी पड़ी थी। एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि प्रज्ञा अग्रवाल होम साइंस कॉलेज में पढ़ाया करती थीं। कुछ दिनों पहले ही उनका ट्रांसफर दमोह हो गया था, इस कारण वे अभी कॉलेज नहीं जा रही थीं। मृतका के गले और हाथ में चाकू से कटने के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, इसलिए मौके पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। उनके भाई, जो भोपाल में रहते हैं, उन्हें भी सूचना दे दी गई है। गढ़ा थाना पुलिस के साथ-साथ सीएसपी को भी मौके पर भेजा गया था।

Post a Comment

Previous Post Next Post