छतरपुर. मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के खजुराहो-ललितपुर रेलवे लाइन पर बन रहे एक पुल का ढांचा गुरुवार 24 जुलाई की दोपहर गिर गया, जिसमें चार मजदूर मलबे में दब गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां अशोक कुशवाहा नाम के मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह हादसा दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ, जब खजुराहो-ललितपुर रेलवे लाइन पर केन नदी के पास पहाड़ी बाबन के आगे एक पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। तभी अचानक पुल का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया और वहां काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। मलबे में दबे चार मजदूरों में अरविंद प्रजापति, पांडव, सानुज कुमार, अशोक कुशवाहा घायल हुए हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे से मजदूरों को बाहर निकाला और तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया।
नीचे थे मजदूर, ऊपर से जाल गिरा
ग्राम पहाड़ी बावन के गांव के घायल मजदूर अशोक कुशवाहा ने बताया कि रेलवे का काम चल रहा था हम लोग केन नदी के पास पुलिया का काम चल रहा था। हम चार दिन से कम कर रहे थे हम सब से वाले नीचे फ्लोर में काम कर रहे थे ऊपर से जाल गिर गया हम लोग निकल नहीं पाए, हम वहीं दब गए। हम चार लोग ज्यादा घायल हुए हैं हम लोगों को चंद्र नगर अस्पताल लाया गया जहां से प्राथमिक उपचार की बाद जिला अस्पताल भेजा है।
मौके पर अफरा-तफरी
घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुल का ढांचा गिरते ही वहां चीख-पुकार मच गई थी। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू में मदद की। घटना के बाद ग्रामीणों और मजदूर संगठनों ने इस हादसे की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय किए जाते और प्रशासन सतर्क रहता, तो यह हादसा टल सकता था।