khabar abhi tak

गर्भवती पत्नी को कहा तलाक-तलाक-तलाक, 10 साल की मोहब्बत, दो साल पहले किया था निकाह..!

 

जबलपुर। अधारताल क्षेत्र में रहने वाले एक पति ने अपनी गर्भवती पत्नी को तलाक, तलाक, तलाक कहकर घर से निकाल दिया। पति द्वारा गाड़ी दिलाने की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर तलाक दे दिया। महिला रात 12 बजे तक घर के बाहर खड़ी रही लेकिन किसी ने भी ध्यान नहीं दिया। पड़ोसियों ने देखा तो माता-पिता को फोन करके बुलाया। परिजन रात को ही आए और उन्होने समझाने की कोशिश की लेकिन पति ने मायके पक्ष के लोगों के साथ भी मारपीट कर दी। अधारताल थाना पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर पति, सास व ननद के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

                                  खेरमाई क्षेत्र में रहने वाली पीडि़ता निशा अंजुम उम्र 31 वर्ष ने बताया कि  दस साल से नवाजिस रहमान निवासी नेता कालोनी अधारताल से दस साल से मोहब्बत करते रहे, अधिकतर समय साथ में बिताया। दो साल पहले 22 मई 2023 को परिवार वालों की रजामंदी से निकाह हुआ था। शादी के बाद सबकुछ ठीक-ठाक रहा। पिछले कुछ माह से ससुराल के हालात खराब हो गए है। सास शबाना बी,  ननंद नूरी पति की गैरमौजूदगी में मारपीट करती है। विरोध करने पर गालियां देती हैं। इसके बाद ससुराल वालों ने कहा कि अपने अब्बू-अम्मी से कहो कि वे गाड़ी दिलवाए। निशा ने कहा कि इतने पैसे नहीं है कि अभी गाड़ी खरीद सके। इसके बाद पति, सास और ननंद ने 14 जुलाई को मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद से निशा अपने मायके में आकर रहने लगी। 26 जुलाई को 26 जुलाई को घर आकर नावाजिस ने परिवार के सामने तीन बार तलाक-तलाक-तलाक बोलकर कहा कि आज से तेरा-मेरा रिश्ता खत्म। तीन बार तलाक कहे जाने से निशा अंजुम भी स्तब्ध रह गई। निशा का कहना था कि 10 साल तक मोहब्बत करने वाले पति ने अचानक क्यों छोड़ दिया, यह समझ से परे है। सास और ननंद बोलती है कि नावाजिस का दूसरा निकाह करवाएंगे। निशा अंजुम ने पुलिस अधिकारियों को यह भी बताया कि वह तीन माह की गर्भवती है, ऐसी हालत में पत्नी को सबसे ज्यादा पति की जरुरत होती है तो उसने तीन तलाक कहकर छोड़ दिया। महिला का कहना है कि मायके पक्ष के हालात भी ऐसे नहीं है कि वह सम्हाल सके। अधारताल थाना पुलिस ने परिजनों के साथ आई पीडि़ता निशा अंजुम की शिकायत पर पति, सास व ननद के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है महिला की शिकायत से संबंधित मामला परिवार परामर्श केन्द्र में भी चला है। 


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak