MP- सागर से लापता ले. कर्नल ललितपुर की होटल में मिले:एटीएम से पैसे निकाले तो मिली लोकेशन

 

ललितपुर. सागर की महार रेजिमेंट में पदस्थ लेफ्टिनेंट कर्नल गुरुवार को मिल गए हैं। वे उत्तरप्रदेश के ललितपुर में होटल में कमरा लेकर रह रहे थे। एटीएम से उन्होंने पैसे निकाले तो पुलिस को उनकी लोकेशन मिली। पुलिस टीम तत्काल ललितपुर पहुंची और उन्हें दस्तयाब कर लिया है। उन्हें सुरक्षित सागर लाया गया है। जहां कागजी कार्रवाई कर सेना को सौंप दिया गया है। सेना के अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल को लेकर रवाना हो गए हैं।

दरअसल 2 जून सोमवार की शाम को महार रेजिमेंट सेंटर के कुछ अधिकारी और कर्मचारी कैंट पुलिस थाने पहुंचे। उन्होंने लेफ्टिनेंट कर्नल प्रमोद कुमार निगम के लापता होने की शिकायत की थी। आर्मी के स्टाफ ने पुलिस को बताया था कि लेफ्टिनेंट कर्नल प्रदीप कुमार निगम सुबह 6.30 बजे रोज होने वाली पीटी में उपस्थित थे। लेकिन उसके बाद उन्हें कहीं नहीं देखा गया है। जिन लोगों ने लेफ्टिनेंट कर्नल प्रमोद कुमार निगम को आखिरी बार देखा, उन सभी ने पीटी की ड्रेस में देखा है। उसके बाद लेफ्टिनेंट कर्नल को दिनभर किसी ने नहीं देखा। निगम ग्वालियर के रहने वाले हैं।

सीसीटीवी फुटेज खंगाले

मामला सामने आते ही पुलिस, सेना और इंटेलिजेंस की टीमें लेफ्टिनेंट कर्नल निगम की तलाश में जुटी। पुलिस ने महार रेजिमेंट क्षेत्र से गुजरने वाले रास्तों के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साइबर सेल को एक्टिव किया गया। लेफ्टिनेंट कर्नल के मोबाइल की डिटेल निकाली गई। लेकिन बुधवार शाम तक उनकी कोई लोकेशन नहीं मिल सकी थी। जिसके बाद पुलिस ने उनके एटीएम, बैंक खाते समेत अन्य मूवमेंट पर नजर रखी। तभी रात के समय ललितपुर में निगम के बैंक खाते से पैसों का ट्रांजैक्शन हुआ। एटीएम से उन्होंने रुपए निकाले थे। लोकेशन मिलते ही तत्काल टीम ललितपुर पहुंची। जहां तलाश करने पर लेफ्टिनेंट कर्नल ललितपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की होटल में मिले। वह कमरा लेकर होटल में रुके हुए थे।

 व्यक्तिगत कारणों के चलते गए थे

एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने बताया कि लापता हुए लेफ्टिनेंट कर्नल प्रमोद कुमार निगम सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया है। वह एक होटल में कमरा लेकर रह रहे थे। वह अपनी व्यक्तिगत परेशानियों के चलते गए हुए थे। वह सुरक्षित और सामान्य हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post