khabar abhi tak

पमरे के कोटा रेलवे वर्कशॉप में कर्मचारी को लगा करंट, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

 

कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा स्थित रेलवे माल डिब्बा मरम्मत कारखाना (वर्कशॉप) में शनिवार को एक गंभीर हादसा हो गया। वेल्डिंग का काम करते समय कर्मचारी मुकुट बिहारी को जोरदार करंट लग गया, जिससे वह मालगाड़ी के डिब्बे से नीचे आ गिरा। इस घटना में मुकुट के सिर में गंभीर चोट आई है और उनका एक हाथ भी फैक्चर हो गया है। घटना के तुरंत बाद साथी कर्मचारी मुकुट को रेलवे अस्पताल ले गए, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश और वर्कशॉप में नमी के कारण मुकुट को करंट लगा। हालांकि वेल्डिंग का काम शेड के नीचे किया जा रहा था, लेकिन वेल्डिंग की वायरिंग नीचे लाइनों के पास जमा पानी से होकर ऊपर जा रही थी, जो इस हादसे की वजह बनी।

पहले भी हो चुके हैं हादसे, प्रशासन ने नहीं लिया सबक

यह पहली बार नहीं है जब वर्कशॉप में ऐसी घटना हुई है। उल्लेखनीय है कि वर्कशॉप में इससे पहले भी कई गंभीर हादसे सामने आ चुके हैं, जिनमें कर्मचारियों की मौत तक हो चुकी है। लेकिन ताज़ा घटना से यह स्पष्ट हो रहा है कि प्रशासन ने पिछली घटनाओं से कोई सबक नहीं लिया है और सुरक्षा मानकों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

पिछले ही हफ्ते, दुर्घटनाओं की आशंका जताते हुए स्वतंत्र रेलवे बहुजन कर्मचारी यूनियन ने मुख्य कारखाना प्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर कार्यस्थल पर कर्मचारियों के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की थी। लेकिन इस ताज़ा घटना से लगता है कि प्रशासन ने इस चेतावनी पर भी कोई ध्यान नहीं दिया।

काम का दबाव और सुरक्षा उपकरणों की कमी

कर्मचारी संगठनों ने इस मामले में आरोप लगाया है कि लगातार स्टाफ कम होने से कर्मचारियों पर काम का दबाव बढ़ रहा है। इसके अलावा, अधिकारियों की मेहरबानी के चलते कई कर्मचारी ऑफिस में बैठे हुए हैं, जिससे काम का बोझ सीमित कर्मचारियों पर आ रहा है। कर्मचारियों को तनावपूर्ण माहौल में काम करने को मजबूर होना पड़ रहा है। संगठनों का यह भी कहना है कि प्रशासन द्वारा सुरक्षा उपकरण भी पूरी मात्रा में उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं, जो वर्कशॉप में लगातार हो रही दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak