छोटी लाइन फाटक से साई मंदिर तक बनेगा फ्लाईओवर, दो रोपवे शीघ्र बनना शुरू होंगे
जबलपुर. लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने आज राधाकृष्ण वार्ड स्थित सिंधी कैम्प में चौपाल कर 1.15 किलोमीटर लम्बाई की सिंधी कैम्? से हीरा पहलवान के बिल्डिंग तक एवं लक्ष्मी ट्रेडर्स से दीपक वंशकार के मकान तक तथा प्रेम सागर पुलिस पोस्ट से माखन सोनकर टेंट तक 140.37 लाख की लागत से सीसी रोड का भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सांसद के रूप में जबलपुर की जनता ने 20 साल तक बढ़ते वोटों से उन्हें आशीर्वाद देकर इतिहास रचा है। विधायक के रूप में उन्हें लोक निर्माण मंत्री का दायित्व दिया है, अत: उत्तरदायित्व बन जाता है कि वे लोगों के सुख- दुख में सहभागी बने और जनहित के विकास कार्य करें। इसी भावना से वे जगह-जगह चौपाल कर विकास कार्यों की जानकारी दे रहे हैं और लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया कि सड़क की गुणवत्ता अच्छी हो, यदि कोई ठेकेदार गड़बड़ी करते हैं तो उन्हें ब्लैक लिस्टेड किया जाये।
जबलपुर विकास की दृष्टि से शीघ्र ही एक अलग स्वरूप में दिखेगा
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि बजट सत्र के दौरान जबलपुर के विकास के लिए 3200 करोड़ स्वीकृत करायें हैं, जिससे हर व्यक्ति के घर के पास विकास की झलक दिखेगी और जबलपुर विकास की दृष्टि से शीघ्र ही एक अलग स्वरूप में दिखेगा। जबलपुर में मध्?यप्रदेश के सबसे बड़े फ्लाईओव्हर जिसकी लागत 1100 करोड़ रूपये है अपनी पूर्णता की ओर है। साथ ही रोप वे बनाया जायेगा, जिसमें एक रोप-वे एम्पायर टॉकिज से सदर, छोटी लाईन होते हुए गौरीघाट व गौरीघाट के उस पार तक जायेगा जिसकी लागत 750 करोड़ होगी, दूसरा रोप-वे जिसकी लागत 350 करोड़ रूपये है, सिविक सेंटर, अंधेरदेव, दमोहनाका होते हुए अधारताल तक बनेगा। है। इसके साथ ही उन्होंने कई विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 380 करोड़ की लागत से शीघ्र ही एक फ्लाईओव्हर छोटी लाईन फाटक से साई मंदिर तक बनेगा, जिसका एक रेम्प रामपुर छापर तथा दूसरा रेम्प हवाबाग कॉलेज की ओर होगा। फ्लाईओव्हर के संबंध में उन्होंने कहा कि सगड़ा में भी एक फ्लाईओव्हर बनेगा तथा संजीवनी नगर से विजय नगर स्थित जीरो डिग्री के बीच 190 करोड़ की लागत से भी एक फ्लाई ओव्हर बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम की सड़कों को भी व्यवस्थित रूप प्रदान किया जायेगा। नर्मदा तट को सरयु के तट की तर्ज पर विकसित किया जायेगा और जबलपुर का रिंग रोड आने वाले समय में समृद्धि का नया मार्ग प्रशस्त करेगी।
कार्यक्रम के के दौरान नगर निगम अध्यक्ष श्री रिकुंज विज, भाजपा के नगर अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर, श्री अभय सिंह ठाकुर सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे। कार्यक्रम के मंत्री श्री सिंह ने शोक संतृप्त परिवारों से भी भेंट कर उनके दुख में सहभागी हुए।