khabar abhi tak

हाइवे पर चट्टानों का सफाया कर रहे भू-माफिया, पत्थरों से भरे ट्राला के पलटने से खुला राज


जबलपुर।
नागपुर-रीवा हाइवे के कटनी के पहले चट्टानों का सफाया किया जा रहा है। इस बात का खुलासा हाल ही में हाइवे पर एक पत्थरों से भरे ट्राला के पलटने से हुआ है। ट्राला के पलटने से हकीकत सामने आई थी, जिसमें तोड़े गए पत्थर थे, जिन्हें कटनी भेजा जा रहा था। पुलिस पूछताछ में यह सामने आया था कि ट्राला चालक सिर्फ सप्लाई किए जाने का पता बता पा रहा था, जो तेवरी, नेगमां गांव की सीमा से लगे जंगलों से लाया था।

स्लीमनाबाद पुलिस ने बताया कि इन जगहों पर खनिज विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे इस क्षेत्र में लगातार ऐसे वाहनों की संख्या बढ़ती जा रही है, जिसमें क्षमता से अधिक माल लोड होता है, जो हादसे का कारण बन रहे हैं। पुलिस ने इशारा किया है कि दबंगों की सांठगांठ की वजह से यहां प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हो रही है। पुलिस इस मामले में हस्तक्षेप नहीं कर सकती है, जिससे यहां मनमाने ढंग से पत्थर तोड़े जा रहे हैं। गौरतलब है कि इस क्षेत्र में ऐसे कई वाहन हैं, जो दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं लेकिन पत्थर ढोने वाले लोगों ने अपने ही स्तर से मामले को निपटा लिया है। इसकी भनक किसी को नहीं लगी है। उधर, यह भी बताया जा रहा है कि गांव वाले भी इस मामले में नहीं बोल पा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि गांव के मुखिया और पंचायत से भू-माफिया की मिलीभगत है, जिससे किसी गांव वाले की आवाज नहीं उठती है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak