khabar abhi tak

क्रिकेटर रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज 8 जून को करेंगे सगाई, लखनऊ में होगी रिंग सेरेमनी

 

लखनऊ. टीम इंडिया के युवा क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी (सपा) की युवा सांसद प्रिया सरोज जल्द ही विवाह के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों की सगाई 8 जून को लखनऊ के एक प्रतिष्ठित होटल में होने जा रही है, जहां परिवार के करीबी सदस्य और रिश्तेदार इस खास पल के साक्षी बनेंगे। प्रिया सरोज और रिंकू सिंह का रिश्ता इस साल जनवरी में तय हुआ था। दोनों का रोका समारोह पहले ही संपन्न हो चुका है और अब उनकी रिंग सेरेमनी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

प्रिया सरोज देश की सबसे युवा महिला सांसद हैं। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की मछलीशहर सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर जीत दर्ज की थी। प्रिया ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीपी सरोज को 35,850 वोटों से हराया था। प्रिया का जन्म 23 नवंबर 1998 को वाराणसी में हुआ था। उन्होंने स्कूली शिक्षा नई दिल्ली के एयर फोर्स गोल्डन जुबली इंस्टीट्यूट से पूरी की। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और नोएडा स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी से एलएलबी की डिग्री हासिल की। प्रिया के पिता तूफानी सरोज समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं, जो तीन बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं और वर्तमान में केराकत सीट से विधायक हैं।

सूत्रों के अनुसार, प्रिया की एक करीबी सहेली के पिता खुद भी पूर्व क्रिकेटर हैं और उनकी रिंकू सिंह से पुरानी पहचान है। उन्होंने ही रिंकू और प्रिया की पहली मुलाकात करवाई थी, जो आगे चलकर रिश्ते में बदल गई। रिंकू सिंह ने अपनी दमदार बल्लेबाज़ी से आईपीएल और भारतीय क्रिकेट टीम में अपनी खास पहचान बनाई है। अपनी मेहनत और संघर्ष की कहानी से लाखों युवाओं के प्रेरणास्रोत बने रिंकू की यह निजी खुशी उनके फैंस के लिए भी किसी जश्न से कम नहीं है। अब 8 जून को दोनों की सगाई के साथ इस खूबसूरत रिश्ते की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak