नई दिल्ली. देशभर में कोरोनावायरस के केसों और मौतों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बीते 24 घंटे में 10 लोगों ने जान गंवाई है। नए वैरिएंट से एक दिन में ये सबसे ज्यादा मौतें हैं। केरल में 5, दिल्ली में 3 और महाराष्ट्र में एक मरीज की मौत हुई है। जनवरी से अब तक कोरोना से 97 मरीजों की जान गई है।
देश के 31 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों में एक्टिव केसों की संख्या 7383 पहुंच गई है। हालांकि रविवार को नया मामला दर्ज नहीं हुआ, जबकि 17 मरीज रिकवर हुए हैं। केरल में सबसे ज्यादा 2007 केस हैं। इसके बाद गुजरात में 1441 और पश्चिम बंगाल में 747 एक्टिव मामले हैं।