khabar abhi tak

एमपी: प्रदेश भर के हाजियों की वापसी, पहली फ्लाइट से लौटे 160 यात्री, शहर काज़ी ने किया स्वागत

 

भोपाल. हज यात्रा से लौटे मध्य प्रदेश के 160 हाजियों की पहली फ्लाइट जैसे ही शुक्रवार सुबह भोपाल एयरपोर्ट पर उतरी, वहां पर एक भावुक नजारा देखने को मिला। बड़ी संख्या में परिजन, रिश्तेदार और मोहल्ले के लोग एयरपोर्ट पर अपने अजीजों को लेने पहुंचे थे। लोगों ने फूल मालाएं लेकर हाजियों का स्वागत किया। एक-दूसरे से गले मिलकर दुआएं दी गईं और आंखें नम हो गईं।

कुछ बुजुर्ग हाजियों को व्हीलचेयर में भी एयरपोर्ट से बाहर लाया गया, जिनका परिजनों ने विशेष ध्यान रखा। शहर काजी मुश्ताक अली नदवी खुद भी मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने हाजियों को मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा, यह वक्त सिर्फ खुशी का नहीं, बल्कि शुक्र का भी है।

शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे भोपाल एयरपोर्ट पर आई यह फ्लाइट हज कमेटी ऑफ इंडिया के तहत बुक की गई थी और यह इस वर्ष की पहली वापसी उड़ान थी। यात्रियों के लौटने पर भोपाल एयरपोर्ट पर विशेष इंतजाम किए गए थे। इस फ्लाइट में भोपाल जिले के सबसे अधिक 154 हाजी शामिल थे, जबकि नरसिंहपुर, रायसेन और सतना से 2-2 यात्री लौटे। इनमें 87 पुरुष और 73 महिलाएं शामिल रहीं।

शहर काजी मुश्ताक अली नदवी स्वयं एयरपोर्ट पहुंचे और उन्होंने हाजियों का इस्तकबाल किया। उन्होंने वहां मौजूद लोगों के साथ मिलकर हाजियों की कबूलियत की दुआ मांगी। हाजियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और कहा कि यह यात्रा उनके जीवन का सबसे अहम हिस्सा रही। हाजियों की वापसी के लिए भोपाल एम्बार्केशन प्वाइंट से अन्य फ्लाइट्स भी अगले कुछ दिनों में तय हैं। प्रशासन और हज कमेटी की ओर से यात्रियों के लिए गाइडेंस, चिकित्सा और परिवहन की व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak