khabar abhi tak

पमरे: मुख्य संरक्षा अधिकारी ने किया 59 रेल कर्मियों को पुरस्कृत

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल (पमरे) में 15 मई को मुख्य संरक्षा अधिकारी ब्रजेश कुमार गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में मुख्य संरक्षा अधिकारी पुरस्कार वर्ष 2018-19 के गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन सतपुड़ा रेल क्लब के सभागृह में किया गया। उक्त कार्यक्रम में कोटा मंडल के वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी डाक्टर आर.एन. मीणा, मुख्यालय के संरक्षा विभाग के निजी सचिव रवीन्द्र कुमार, एवं जबलपुर मंडल के सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी रवीश शुक्ला के अतिरिक्त कुल 59 रेल कर्मचारियों को व्यक्तिगत एवं समूह पुरस्कारों से पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर पश्चिम मध्य रेल, मुख्यालय, जबलपुर एवं तीनों मंण्डलों भोपाल, जबलपुर, कोटा के कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया। इन कर्मचारियों द्वारा वर्ष 2018-19 के दौरान संरक्षित रेल परिचालन को सुनिश्चित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। कुछ कर्मचारियों ने तो कुछ संभावित दुर्घटनाओं को टालने में सराहनीय भूमिका निभायी जिसके लिए उनको इस अवसर पर नगद पुरस्कार तथा प्रशस्ति पत्र के साथ सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ब्रजेश कुमार गुप्ता ने अपने सारगर्भित उदबोधन में रेल कर्मचारियों को संरक्षित रेल परिचालन हेतु उत्तरदायित्व लेने हेतु जागरूक किया। पश्चिम मध्य रेल में संरक्षा में वृद्धि के लिए संरक्षा विभाग द्वारा किये जा रहे नवीन उपायों जैसे समय-समय पर संरक्षा अनुदेशों का जारी किया जाना, महत्वपूर्ण रेल प्रतिष्ठानों का बहुविभागीय टीम के माध्यम से संरक्षा ऑडिट, संरक्षा अभियान, संरक्षा सेमिनार एवं मासिक संरक्षा बुलेटिन जारी करने का उल्लेख किया। मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री गुप्ता ने बताया कि पश्चिम मध्य रेल और दक्षिण मध्य रेल द्वारा इंटरलॉक गेट पर ए.एस.एम व गेटमेन के बीच बेहतर संपर्क के लिए जीएसआरपी का अभिनव कार्य रेलवे बोर्ड में प्रस्तुत किया गया था, जिसमें पश्चिम मध्य रेल का अभिनव कार्य चयनित हुआ है इसे पूरे भारतीय रेलवे पर लागू किया जायेगा। इस कार्यक्रम के आयोजन में उप मुख्य संरक्षा अधिकारी/यातायात राजेश शर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ यांत्रिक इंजीनियर प्रज्ञेश निम्बालकर द्वारा किया गया। इस अवसर पर भोपाल, कोटा एवं जबलपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रवीन्द्र शर्मा, डा. आर एन मीणा एवं राजीव कम्बोज तथा मुख्यालय के अन्य संरक्षा अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। 
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति-
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित रेलकर्मियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी गयी। सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपराजिता, कंचन, दीपा, संजीव सिन्हा, मो रिजवान अली खान, लेखनी खरे तथा अन्य विभागीय कर्मियों द्वारा मनमोहक प्रस्तुति प्रस्तुत की गयी। एस.बी.शर्मा, वरिष्ठ संरक्षा इंजीनियर द्वारा उक्त कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी का आभार किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak