khabar abhi tak

नई थार के असली पार्ट्स निकालकर लगाए पुराने, सर्विस सेंटर पर धोखाधड़ी का आरोप,देखें वीडियो




जबलपुर
। धनवंतरीनगर स्थित महिन्द्रा सर्विस सेंटर में नई थार रॉक्स के असली पार्ट्स निकालकर पुराने लगाने के गंभीर आरोप लगे हैं। शांता माता मंदिर न्यू रामनगर अधारताल निवासी 36 वर्षीय प्रभान्शु सिंह पिता स्वर्गीय अशोक प्रताप सिंह ने संजीवनीनगर थाने की धनवंतरीनगर चौकी में इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि अवैध ढंग से लाभ कमाने के लिए सर्विस सेंटर संचालक और कर्मचारी रत्नेश तिवारी, रितेश वर्मा तथा संत सहित जनरल मैनेजर ने उनकी नई महिन्द्रा थार रॉक्स ए-एक्स-7 एल कार के पुर्जों से छेड़छाड़ की है। शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

​बिना रसीद लिए मरम्मत के नाम पर खेल

​पीड़ित वाहन मालिक ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 5 नवम्बर को अपनी कार जांच के लिए वायपास धनवंतरीनगर स्थित सर्विस सेंटर में दिखाई थी। वहां मौजूद स्टाफ ने गाड़ी के टर्बो में खराबी होने की बात कही और अगले दिन वाहन लाने को कहा। 6 नवम्बर को जब कार सुधार कार्य के लिए सौंपी गई तो सेंटर द्वारा वाहन जमा करने की कोई आधिकारिक पावती नहीं दी गई। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर कर्मचारियों ने नई गाड़ी से कीमती पुर्जे निकाल लिए और उसकी जगह किसी पुराने वाहन के खराब पार्ट्स फिट कर दिए।

​सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल साक्ष्य से खुलेगा राज

​प्रभान्शु सिंह का कहना है कि केवल अवैध मुनाफा कमाने की नीयत से टर्बो खराब होने का झूठा बहाना बनाया गया था। गाड़ी के भीतर और कौन-कौन से हिस्से बदले गए हैं इसकी स्पष्ट जानकारी उन्हें नहीं दी जा रही है। पीड़ित ने दावा किया है कि इस पूरी हेराफेरी के पुख्ता सबूत उनके मोबाइल फोन में सुरक्षित हैं और सर्विस सेंटर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच करने पर सारा सच सामने आ जाएगा। पुलिस अब इन तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जिम्मेदारों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak