khabar abhi tak

वर्दी वालों का अस्पताल बेहाल, जनता और जवान परेशान




जबलपुर। जबलपुर पुलिस लाइन परिसर स्थित स्वास्थ्य केंद्र इन दिनों भारी उपेक्षा और अव्यवस्था का केंद्र बना हुआ है। सुरक्षा पहरे में रहने वाली आम जनता और फील्ड में पसीना बहाने वाले पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य की खातिर करोड़ों रुपये फूंककर आधुनिक ढांचा खड़ा किया गया था। इस विशाल परिसर में 14 पलंग, पैथोलॉजी लैब और डिजिटल एक्स-रे मशीनें स्थापित हैं। इसके बावजूद प्रशासनिक विफलता के कारण यहां भर्ती प्रक्रिया ठप पड़ी है और सेवा महज 5 घंटे की ओपीडी तक सिमट चुकी है। शाम ढलते ही मुख्य द्वार पर जड़ा ताला सीधे तौर पर जिम्मेदारों की गंभीर लापरवाही उजागर करता है। आपातकालीन स्थिति में रात के वक्त आम नागरिक और पुलिसकर्मी सीधे निजी चिकित्सालयों के भारी-भरकम बिलों के जाल में फंसने को विवश हैं।

​संसाधनों पर जड़ा ताला और विशेषज्ञ नदारद

​केंद्र के भीतर एमडी मेडिसिन, फिजिशियन, बाल रोग विशेषज्ञ, लिवर, किडनी और हृदय रोग विशेषज्ञों की एक भी नियमित पदस्थापना नहीं है। हड्डी, दंत और महिला रोग के परामर्श की सीमित व्यवस्था जरूर है, लेकिन गंभीर समस्याओं की जांच-पड़ताल अधर में लटकी रहती है। वार्डों में पर्याप्त नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों की तैनाती न होने से तैयार पलंग धूल फांक रहे हैं। इस नाकामी से पूरा भार निजी तंत्र की मनमानी पर जा टिका है।

​महंगे अस्पतालों में इलाज की विवशता

​वर्तमान में प्रतिदिन महज 20 से 25 जरूरतमंद ही परामर्श कक्ष में पहुंचते हैं। दोपहर तक एक चिकित्सक और 2 नर्सों के भरोसे खानापूर्ति पूरी कर ली जाती है, जबकि रोस्टर में शामिल अन्य 2 डॉक्टर सप्ताह के केवल 2 दिन ही दस्तक देते हैं। जांच मशीनें धूल खा रही हैं और पूरे सेटअप का नाममात्र इस्तेमाल हो पा रहा है। सूरज ढलते ही चिकित्सा केंद्र में वीरानी छा जाती है, जिससे रात में तड़पते मरीजों को जेब खाली करने शहर के महंगे नर्सिंग होम्स का रुख करना पड़ता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak