जबलपुर। हनुमानताल के सिंधी केम्प में दो साल पहले हुए मामूली विवाद का बदला बम पटक कर लिया गया है। बमबाजी में कोई हताहत नहीं हुआ है। आरोपी घर के सामने बम पटक कर भाग गया है, जिसकी रिपोर्ट थाने में की गई है।
हनुमानताल पुलिस ने बताया कि सिंधी केम्प में रहने वाले संजय चौधरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह मजदूरी करता है। लगभग 2 वर्ष पहले मोहल्ले के उदय चौधरी से विवाद हुआ था, जिससे उदय रंजिश रखता था। 10 नवम्बर की दरम्यानी रात लगभग 2 बजे वह अपने परिवार के साथ घर में था। घर का दरवाजा अधखुला था। उसी समय मोहल्ले का उदय चौधरी उसे एवं उसके परिवार को डराने व भयभीत करने के उद्देश्य से उसके मकान के सामने 2 सुअरमार बम पटक कर भाग गया। बम के फूटे हुये अवशेष घर के सामने पड़े रहे। एक बम नहीं फटा था, जो घर के सामने पड़ा रहा। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।