khabar abhi tak

कटनी मुड़वारा स्टेशन का औचक निरीक्षण करने पहुंचे प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक

 टीटीई रेस्ट हाउस, बुकिंग कार्यालय और आरआरआई पैनल का लिया जायजा, स्वच्छता एवं यात्री सुविधाओं की व्यवस्थाओं पर जताया संतोष

जबलपुर। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्री विजय कुमार ने कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में उपलब्ध यात्री सुविधाओं, कर्मचारियों के लिए की गई व्यवस्थाओं और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान श्री कुमार सबसे पहले स्टेशन परिसर स्थित टीटीई रेस्ट हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने साफ-सफाई, रखरखाव और उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने रेस्ट हाउस के गार्डन के सौंदर्यीकरण, मनोरंजन कक्ष, डाइनिंग हॉल तथा टिकट चेकिंग कर्मचारियों के ठहरने की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।

इसके बाद उन्होंने स्टेशन के बुकिंग कार्यालय एवं यूटीएस काउंटर का जायजा लिया। यहां साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को देखा तथा यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। इसके पश्चात उन्होंने आरआरआई (रूट रिले इंटरलॉकिंग) पैनल का निरीक्षण कर ट्रेन संचालन से जुड़े तकनीकी एवं परिचालन संबंधी पहलुओं को समझा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर सुरक्षित और सुचारु रेल परिचालन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में स्वच्छता का स्तर बनाए रखने, यात्री सुविधाओं का नियमित रखरखाव करने और रेल कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा अनुभव देने के साथ ही कर्मचारियों के लिए भी स्वच्छ और बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करना जरूरी है।

इस अवसर पर मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य) जबलपुर श्री शीतल करण, सहायक वाणिज्य प्रबंधक बिलासपुर एवं रायपुर सहित कटनी एवं कटनी मुड़वारा के वाणिज्य विभाग की टीम तथा विद्युत एवं इंजीनियरिंग (वर्क्स) विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak