सीधी। सीधी के मड़वास थाना क्षेत्र के हिनौता गांव में बीती रात करीब 11 बजे बाइक गड्ढे में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल सीधी से संजय गांधी अस्पताल, रीवा रेफर किया गया।
महुआ गांव के तीनों युवक धनतेरस पर सीधी की बजाज एजेंसी से नई पल्सर बाइक खरीदकर गांव लौट रहे थे। बाइक पर मनोज सिंह उम्र 20 वर्ष, कृष्ण देव सिंह 21 वर्ष व बृज सिंह 21 वर्ष सवार थे। तीनों जब हिनौता से आगे बढ़ रहे थे, इस दौरान अनियंत्रित हो गए और बाईकसड़क किनारे गड्ढे में जा घुसी। मनोज सिंह और कृष्ण देव सिंह की मौके पर मौत हो गई। बृज सिंह के पैर में तीन जगह फ्रैक्चर होने की जानकारी है। हादसे के बाद वह अचेत था और बोल नहीं पा रहा था। उसे पहले मड़वास अस्पताल से जिला अस्पताल सीधी भेजा गया। वहां से हालत गंभीर होने पर रीवा रेफर किया गया। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और तीनों युवकों को सड़क किनारे गड्ढे से बाहर निकाला गया। बाइक गड्ढे में फंसी थी। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजे गए और घायल को इलाज के लिए रीवा रेफर किया गया