हाई कोर्ट की युगल पीठ के स्पष्ट आदेश के बावजूद परीक्षा फॉर्म और एनरोलमेंट रोकने का आरोप
जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा संबल योजना के पात्र एक दिव्यांग छात्र से नियमों के विरुद्ध अवैध रूप से फीस वसूलने का गंभीर मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय में एलएलएम प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-27 के नियमित छात्र आर्यन बेंटिया ने इस संबंध में प्रमुख सचिव और उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है। छात्र का आरोप है कि मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की युगल पीठ के स्पष्ट आदेश और राज्य शासन के नियमों की अनदेखी करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन लगातार फीस जमा करने का दबाव बना रहा है। शिकायती पत्र में आर्यन बेंटिया ने बताया कि उनकी माता श्रीमती सुमंगला बेंटिया के नाम पर श्रम विभाग द्वारा जारी वैध ई-संबल कार्ड है। तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग की मुख्यमंत्री जनकल्याण शिक्षा प्रोत्साहन योजना की आधिकारिक नियमावली के तहत सरकारी विश्वविद्यालयों के सभी स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम इस योजना में शामिल हैं और देय शुल्क की प्रतिपूर्ति सीधे संस्थान के खाते में होती है। इसी पात्रता के आधार पर ई-प्रवेश पोर्टल के माध्यम से उनका प्रवेश स्वीकृत हुआ था। पूर्व में हाई कोर्ट की डबल बेंच ने भी एलएलएम विभाग के विरुद्ध आदेश पारित किया था कि पात्र छात्रों से शिक्षण या परीक्षा शुल्क नहीं वसूला जा सकता और न ही परीक्षा फॉर्म रोका जा सकता है।
छात्र पर परीक्षा से वंचित होने का संकट
छात्र ने आरोप लगाया कि 14 अगस्त को ई-प्रवेश पोर्टल पर 340 रुपए जमा करने के बावजूद उनका एनरोलमेंट नंबर रोक दिया गया। इसके बाद 23 नवंबर 2026 को पोर्टल पर दोबारा 330 रुपए अवैध रूप से वसूले गए। जब एनरोलमेंट नंबर जारी हुआ और उन्होंने परीक्षा फॉर्म खोला तो पोर्टल पर 3810 रुपए परीक्षा शुल्क के साथ विश्वविद्यालय की अपनी देरी का दंड छात्र पर डालते हुए 750 रुपए विलंब शुल्क जोड़कर कुल 4600 रुपए की मांग दिखाई जाने लगी। इसके अलावा उनकी ब्रांच भी गलत दर्ज कर दी गई है। आर्यन का कहना है कि दिव्यांग होने के बावजूद उन्हें पिछले एक माह से दफ्तरों के चक्कर लगवाए जा रहे हैं। कुलपति, कुलसचिव और अधिष्ठाता छात्र कल्याण को आवेदन देने के बाद भी समाधान नहीं हुआ, जिससे 2 दिसंबर 2026 से शुरू होने वाली प्रथम सेमेस्टर परीक्षा से वंचित होने का खतरा पैदा हो गया है।
