जबलपुर। प्रदेश में ठंड ने दस्तक दे दी है। मंगलवार की रात प्रदेश के 17 शहरों का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के नीचे रहा है। प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंडा अमरकंटक रहा। पारा 10.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लोगों को बर्फीली हवाओं का एहसास हुआ।
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार रात भोपाल के साथ-साथ जबलपुर में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के नीचे रहा। यहां रात को तेज ठंड का एहसास हुआ। ऐसे में ठंड के मामले में भोपाल और जबलपुर ने प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी को पीछे छोड़ दिया। पचमढ़ी में मंगलवार रात तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। माना जा रहा है कि दिवाली के ठीक बाद ठंड ने जिस तरह से रफ्तार पकड़ी है तो आने वाले दिनों में इससे कई रिकॉर्ड टूट सकते हैंं। जबलपुर, इंदौर और भोपाल में नवंबर के दौरान कई बार मावठे की बारिश भी होती रही है।
अन्य शहरों में छिंदवाड़ा 13, उमरिया 13.4, मंडला-नौगांव 13.6, रीवा 13.8, इंदौर 14, खजुराहो 14.4 और सीधी 14.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया है। आने वाले 3 से 4 दिनों में मध्य प्रदेश में ठंड और जोर पकड़ सकती है। ऐसे में रात के न्यूनतम तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट देखी जा सकती है। अमरकंटक और करौंदी के बाद दमोह में 12 डिग्री, कल्याणपुर (शहडोल) में 12.3 डिग्री, रायसेन में 12.6 डिग्री, बालाघाट के मलाजखंड में 12.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
