khabar abhi tak

जबलपुर से सिंगरौली लौट रहे तीन युवक हादसे का शिकार, टैंकर से टकराने के बाद कार में लगी आग, हालत गंभीर

मैहर. नेशनल हाईवे-30 पर रविवार रात तेज रफ्तार कार आगे चल रहे टैंकर के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद कार टैंकर के साथ करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। कुछ ही देर में कार में आग लग गई। हादसे में कार सवार तीनों युवक झुलसकर घायल हो गए। आग से कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

हादसा रात करीब 9:30 बजे सिमरन सरोवर होटल के पास हुआ। कार (एमपी 66 जेडसी 4783) में सवार तीन युवक जबलपुर से घूमकर अपने घर बैढ़न, सिंगरौली लौट रहे थे। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, कार टैंकर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टैंकर चालक ने कार को घिसटते देख वाहन रोक दिया। इसी दौरान कार में आग लग गई। तीनों युवक किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे।

पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की मदद से कार में लगी आग पर काबू पाया गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे युवा कांग्रेस के मैहर जिला अध्यक्ष सौरभ लल्ला शर्मा भी अपने साथियों के साथ रुक गए और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। जली हुई कार को सड़क से हटाने के बाद यातायात बहाल कराया गया।

तीनों घायलों का निजी अस्पताल में इलाज

घायलों की पहचान विक्रमादित्य पांडेय (30), पिता रोहणी प्रसाद पांडेय, आशीष कुमार पांडेय (40), पिता हनुमान प्रसाद पांडेय और शिवेंद्र पांडेय (32), पिता सुशील कुमार पांडेय के रूप में हुई है। तीनों सिंगरौली जिले के बैढ़न के निवासी हैं। कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार के मुताबिक, तीनों घायलों को मैहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak