जबलपुर। अधारताल के न्यू कंचनपुर में पुरानी रंजिश को लेकर हुई चाकूबाजी में इलाजरत घायल की मौत हो गई है। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि वैभव मेहता उर्फ चंचू पर साहिल राजपूत ने चाकू से हमला किया था। चाकूबाजी में घायल वैभव को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां उसकी मौत हो गई।
ये रहा मामला
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक 4 नवंबर की शाम करीब 7.45 बजे वैभव उर्फ चंचू मेहता अपने दोस्त कुशाग्र यादव उर्फ पट्टू के साथ घर लौट रहा था। तभी कंचनपुर में साहिल गौतम उर्फ साहिल राजपूत के घर के सामने उसे रोक लिया गया। दोनों के बीच पुरानी रंजिश थी। इसी विवाद को लेकर गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। साहिल ने जेब से चाकू निकालकर वैभव की पीठ और गर्दन पर वार कर दिए थे। वैभव को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई।
