khabar abhi tak

जबलपुर में बिजलीकर्मी की हत्या, सब स्टेशन में धारदार हथियार से हमला

जबलपुर। जिले के पाटन थाना क्षेत्र में बिजली कंपनी के एक आउटसोर्स कर्मचारी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम ननवारा स्थित बिजली सब स्टेशन में शुक्रवार रात नाइट ड्यूटी के दौरान अज्ञात हमलावरों ने कर्मचारी पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कर्मचारी ने जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान गजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। वह मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (MPEB) में सब स्टेशन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 11 बजे जब गजेंद्र सिंह सब स्टेशन में ड्यूटी कर रहा था, तभी अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उस पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कर्मचारी को तत्काल उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुरानी रंजिश सहित अन्य पहलुओं पर पुलिस की जांच

गजेंद्र सिंह की मौत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटा रही है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या कोई अन्य वजह होने की आशंका को ध्यान में रखते हुए परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak