khabar abhi tak

आधारताल में बर्तन व्यापारी पर चाकू से हमला, कर्मचारी भी घायल; तीन बाइक से आए थे 5-6 बदमाश

जबलपुर. आधारताल क्षेत्र में देर रात दुकान बंद कर कर्मचारी के साथ घर लौट रहे बर्तन व्यापारी पर पांच से छह बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। तीन बाइक पर सवार होकर आए आरोपियों ने पहले व्यापारी की बाइक रोकी और फिर उन पर चाकू से कई वार किए। बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारी को भी बदमाशों ने चाकू मारकर घायल कर दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल व्यापारी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार, आधारताल निवासी बर्तन व्यापारी आहत विशेष की जयप्रकाश नगर में दुकान है। धनतेरस और दीपावली के चलते इन दिनों दुकान देर रात तक खुल रही थी। गुरुवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे व्यापारी दुकान बंद कर कर्मचारी के साथ बाइक से घर के लिए निकले। इसी दौरान तीन बाइक पर सवार पांच से छह युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।

व्यापारी ने युवकों से रुकने की वजह पूछी तो उनमें से एक आरोपी दौड़कर उनके पास पहुंचा और चाकू से लगातार कई वार कर दिए। व्यापारी को बचाने के लिए कर्मचारी बीच में आया तो बदमाशों ने उस पर भी हमला कर दिया। घायल होने के बावजूद व्यापारी ने हमलावरों का मुकाबला करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

पीठ, गर्दन और हाथ में चाकू के घाव

हमले के बाद कर्मचारी ने डायल 108 पर सूचना दी। इसके बाद आधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यापारी को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। व्यापारी की पीठ, गर्दन और हाथ में चाकू के घाव हैं। त्योहार के दौरान हुई इस वारदात से क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के मुताबिक, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की जा रही है। फिलहाल हमले की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, व्यापारी और युवकों के बीच हुई बहस के बाद हमला किया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak